Jharkhand

राज्यसभा चुनाव: नामांकन से पहले आज शाम होगी महागठबंधन की बड़ी बैठक, नैया पार लगाने की जद्दोजहद जारी

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. सोमवार को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है, ऐसे में सभी दल अपने-अपने उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीति बनाने में जुट गए हैं. इसी कड़ी में रविवार शाम महागठबंधन विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है, जिसमें आगामी चुनाव को लेकर अंतिम रणनीति पर चर्चा होगी.

राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस खास तौर पर सतर्क नजर आ रही है. पार्टी नहीं चाहती कि दूसरी सीट पर उसके उम्मीदवार प्रणव झा के सामने कोई राजनीतिक बाधा खड़ी हो. इसी वजह से कांग्रेस आलाकमान ने अपने वरिष्ठ नेताओं को रांची भेजा है. छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय शर्मा ने रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की.

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद कांग्रेस नेताओं ने भरोसा जताया कि महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है और राज्यसभा की दोनों सीटों पर जीत दर्ज करेगा. उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों को लेकर सहयोगी दलों के बीच पहले ही सहमति बन चुकी है और अब केवल औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी की जानी हैं. कांग्रेस पर्यवेक्षक अजय शर्मा ने बताया कि महागठबंधन के दोनों अधिकृत उम्मीदवार सोमवार को नामांकन दाखिल करेंगे. उन्होंने कहा कि रविवार शाम होने वाली विधायक दल की बैठक में सभी सहयोगी दलों के विधायक शामिल होंगे और चुनाव के दौरान एकजुटता बनाए रखने पर जोर दिया जाएगा.

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राज्यसभा चुनाव को लेकर झारखंड में इस बार समीकरण काफी दिलचस्प बने हुए हैं. हालांकि महागठबंधन के पास पर्याप्त संख्या बल है, फिर भी विपक्षी गतिविधियों और संभावित राजनीतिक रणनीतियों को देखते हुए कांग्रेस कोई जोखिम लेने के मूड में नहीं है. ऐसे में रविवार की बैठक को चुनाव से पहले महागठबंधन की सबसे अहम बैठक माना जा रहा है, जिसकी ओर राजनीतिक गलियारों की निगाहें टिकी हुई हैं.