रांची (RANCHI): झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए मतदान प्रक्रिया सुबह 9 बजे से शुरू हो गई. चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है. विधानसभा परिसर में सुबह से ही विधायकों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के विधायक मतदान के लिए विधानसभा पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी वोट डालकर चुनावी प्रक्रिया में हिस्सा लिया.
सुबह करीब 11 बजे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन विधानसभा पहुंचे. उनके पहुंचने के बाद इंडिया गठबंधन के अन्य विधायकों ने भी मतदान शुरू किया. मतदान के दौरान गठबंधन के नेताओं ने अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया और जीत का दावा भी किया. वहीं दूसरी ओर एनडीए खेमे ने मतदान प्रक्रिया में तेजी दिखाई. जानकारी के अनुसार, एनडीए के अधिकांश विधायक पहले ही अपना वोट डाल चुके हैं. एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी के पक्ष में सभी सहयोगी दलों के विधायक मतदान कर रहे हैं. मतदान के दौरान एनडीए नेताओं ने भी अपनी जीत को लेकर भरोसा जताया.
इस बार राज्यसभा चुनाव में तीन उम्मीदवार मैदान में हैं. झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) से बैद्यनाथ राम, कांग्रेस से प्रणव झा और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी चुनावी मुकाबले में हैं. विधानसभा में संख्या बल को लेकर लगातार चर्चाएं होती रही हैं, जिसके कारण यह चुनाव राजनीतिक रूप से काफी दिलचस्प बन गया है. निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार मतदान शाम 4 बजे तक जारी रहेगा. इसके बाद मतपेटियों की जांच और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी. शाम 5 बजे के बाद मतगणना शुरू होगी, जिसके बाद यह साफ हो जाएगा कि झारखंड से राज्यसभा की दो सीटों पर कौन-कौन उम्मीदवार जीत हासिल करते हैं. फिलहाल पूरे राज्य की नजरें विधानसभा में चल रही मतदान प्रक्रिया और शाम को आने वाले नतीजों पर टिकी हुई हैं.
