रांची (RANCHI): झारखंड में बारिश का दौर फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है. मौसम विभाग ने 25 सितंबर को राज्य में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अलर्ट के मुताबिक 25 सितंबर को झारखंड में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली चमकने की स्थिति बन सकती है. कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चलने की संभावना है.
राजधानी रांची में 25 सितंबर को आसमान सामान्यतः बादलों से ढका रहेगा और कुछ दौर में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. रांची का न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस, जबकि अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. वहीं, जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम 30 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. यहां भी गरज-चमक के साथ बारिश और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है.
धनबाद में 25 सितंबर को न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री और अधिकतम 27.8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. यहां बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. बोकारो में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. यहां भी बारिश के साथ गरज-चमक और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवा का अलर्ट है.
गिरिडीह में 25 सितंबर को न्यूनतम तापमान 23 डिग्री और अधिकतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. जिले में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं. हजारीबाग में तापमान 22.7 से 24.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. यहां बादल छाए रहने और हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है.
पलामू प्रमंडल में भी मौसम सक्रिय रहेगा. डाल्टनगंज में 25 सितंबर को न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. यहां मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवा चल सकती है. वहीं, पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. यहां भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार 25 सितंबर के बाद 26 और 27 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बनी रह सकती है. ऐसे में बारिश के दौरान लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है.
