☰
Jharkhand

रेलवे यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी! आद्रा मंडल में रोलिंग ब्लॉक से कई ट्रेनें रद्द, जानें शेड्यूल

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI): ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है. ट्रेन में सफर करने से पहले ट्रेन का परिचालन कहाँ प्रभावित है. यानी रेलवे यात्रियों के लिए नवंबर के आखिरी सप्ताह में सफर करना परेशानी भरा हो सकता है. दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में 23 नवंबर से 29 नवंबर 2026 तक संयुक्त रोलिंग ब्लॉक कार्यक्रम निर्धारित किया गया है. इसके कारण कई पैसेंजर ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों का परिचालन आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा. इसके अलावा परिचालन संबंधी कारणों से हावड़ा-पटना-हावड़ा रूट पर चलने वाली दो अनारक्षित स्पेशल ट्रेनों की शेष यात्राएं भी रद्द कर दी गई हैं.

आद्रा मंडल में कई MEMU ट्रेनें रहेंगी रद्द

रोलिंग ब्लॉक के कारण 68046/68045 आसनसोल-आद्रा-आसनसोल MEMU पैसेंजर ट्रेन 23 नवंबर से 29 नवंबर तक रद्द रहेगी. वहीं, 63594/63593 आसनसोल-पुरुलिया-आसनसोल MEMU पैसेंजर ट्रेन 24, 27 और 29 नवंबर को रद्द रहेगी. इन तारीखों पर यात्रियों को सफर से पहले वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी.

आद्रा तक ही चलेंगी कुछ ट्रेनें

रेलवे ने कुछ ट्रेनों के परिचालन में आंशिक बदलाव भी किया है. 68056/68060 टाटानगर-आसनसोल-बाराभूम MEMU पैसेंजर ट्रेन 24, 26, 27 और 29 नवंबर को आद्रा स्टेशन तक ही चलेगी. इन तारीखों पर आसनसोल और आद्रा के बीच ट्रेन सेवा रद्द रहेगी.

वहीं, 63594/63593 आसनसोल-पुरुलिया-आसनसोल MEMU पैसेंजर ट्रेन 26 नवंबर को आद्रा स्टेशन पर आंशिक रूप से समाप्त होगी और आद्रा से ही वापस रवाना होगी. इस दिन आद्रा और पुरुलिया के बीच ट्रेन का परिचालन नहीं होगा.

बक्सर-टाटानगर एक्सप्रेस भी हो सकती है नियंत्रित

रोलिंग ब्लॉक का असर एक्सप्रेस ट्रेन पर भी पड़ सकता है. 18184 बक्सर-टाटानगर एक्सप्रेस 24, 27 और 29 नवंबर को जरूरत पड़ने पर 45 से 60 मिनट तक नियंत्रित की जा सकती है. ऐसे में यात्रियों को स्टेशन पहुंचने और आगे की यात्रा की योजना बनाते समय संभावित देरी का ध्यान रखना होगा.

हावड़ा-पटना की दो स्पेशल ट्रेनें भी रद्द

इसके अलावा परिचालन संबंधी कारणों से रेलवे ने दो अनारक्षित स्पेशल ट्रेनों की शेष यात्राएं रद्द करने का फैसला लिया है. इनमें 03035/03036 हावड़ा-पटना-हावड़ा और 03033/03034 हावड़ा-पटना-हावड़ा अनारक्षित स्पेशल ट्रेन शामिल हैं. दोनों ट्रेनों की बाकी निर्धारित फेरियां नहीं चलेंगी. रेलवे के इस फैसले से कई रूटों के यात्रियों को परेशानी हो सकती है. ऐसे में यात्रा करने से पहले ट्रेन की स्थिति, रद्दीकरण और बदले हुए परिचालन की जानकारी जरूर जांच लें.