रांची (RANCHI): झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं. परीक्षा में सफल हुए सैकड़ों अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी अब तक जांच एजेंसी को नहीं मिल सकी है. अपराध अनुसंधान विभाग (CID) की जांच रिपोर्ट के मुताबिक, कुल 454 अभ्यर्थियों ने अब तक अपनी ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी जमा नहीं की है. हैरानी की बात यह है कि जांच में कुछ अभ्यर्थियों द्वारा परीक्षा के तुरंत बाद अपनी ओएमआर कॉपी बिचौलियों को सौंपे जाने की जानकारी भी सामने आई है. वहीं, जांच के दौरान दस्तावेज मांगे जाने पर कुछ अभ्यर्थियों ने कॉपी गुम होने की बात कहकर पल्ला झाड़ने की कोशिश की.
2,204 सफल अभ्यर्थियों में से 1,750 ने जमा की कॉपी
दरअसल, जेपीएससी की 14वीं प्रारंभिक परीक्षा में कुल 2,204 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था. परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच के क्रम में सीआईडी ने सभी सफल अभ्यर्थियों से उनकी ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी मांगी थी. एजेंसी के मुताबिक, अब तक 1,750 अभ्यर्थियों ने जरूरी दस्तावेज उपलब्ध करा दिए हैं, लेकिन 454 अभ्यर्थियों की कॉपी अभी भी जांच एजेंसी के पास नहीं पहुंची है. अभ्यर्थियों से दस्तावेज जुटाने के लिए सीआईडी ने 30 जुलाई से 7 अगस्त 2026 तक सार्वजनिक सूचना भी जारी की थी. इसके तहत अभ्यर्थियों को व्हाट्सएप और ईमेल के माध्यम से ओएमआर शीट की स्कैन कॉपी या उसकी स्पष्ट तस्वीर भेजने का अवसर दिया गया था.
कॉपी गुम होने का दावा, कई अभ्यर्थी CID के संदेह के घेरे में
सीआईडी की चार्जशीट में कुछ अभ्यर्थियों के जवाबों का भी उल्लेख किया गया है. जांच अधिकारियों की ओर से ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी मांगे जाने पर उमाकांत उरांव, रोशन केरकेट्टा और मनोज कुमार ने दस्तावेज गुम हो जाने की बात कही. वहीं, ओमप्रकाश राणा और दिलीप कुमार राणा की ओर से दिए गए स्पष्टीकरण को भी जांच एजेंसी ने संदेह की नजर से देखा है. सीआईडी का मानना है कि कुछ अभ्यर्थियों ने ओएमआर शीट उपलब्ध नहीं कराने के लिए अलग-अलग तर्क दिए हैं. जांच में यह आशंका भी जताई गई है कि परीक्षा के बाद कार्बन कॉपी बिचौलियों तक पहुंचाई गई थी. ऐसे में 454 अभ्यर्थियों की ओएमआर कॉपी का अब तक नहीं मिलना जांच का अहम पहलू बन गया है. इस पूरे मामले ने जेपीएससी की परीक्षा प्रक्रिया और उसकी पारदर्शिता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
