☰
Jharkhand

आदिवासी महोत्सव 2026 की तैयारियां तेज़, अपर मुख्य सचिव ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड में आयोजित होने वाले आदिवासी महोत्सव 2026 की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. इसी क्रम में गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल ने बुधवार को रांची के मोराबादी मैदान पहुंचकर तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया. उन्होंने आयोजन स्थल पर चल रहे अलग कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं. उन्होंने कहा कि आदिवासी महोत्सव राज्य की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण आयोजन है, इसलिए इसके प्रत्येक पहलू पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए. निरीक्षण के दौरान उन्होंने आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से प्रगति की जानकारी प्राप्त की.

निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव ने सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और आगंतुकों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि महोत्सव में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और आयोजन पूरी तरह सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं भव्य होना चाहिए. इसके अलावा उन्होंने मंच निर्माण, प्रदर्शनी एवं स्टॉल व्यवस्था, पार्किंग, प्रवेश-निकास मार्ग और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का भी निरीक्षण किया. उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक एजेंसी अपनी जिम्मेदारी समय पर पूरी करे, ताकि आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके.

इस अवसर पर कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष सचिव राजीव लोचन बक्शी, रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, जनजातीय शोध संस्थान (TRI) के निदेशक आलोक एस. कच्छप, नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा सहित विभिन्न विभागों के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. सभी अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की तैयारियों की जानकारी दी और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने का भरोसा दिलाया. राज्य सरकार का उद्देश्य आदिवासी महोत्सव 2026 को भव्य, सुव्यवस्थित और झारखंड की समृद्ध जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं का प्रभावी प्रदर्शन करने वाला आयोजन बनाना है.