रांची(RANCHI): रांची में स्वतंत्रता दिवस को लेकर तैयारियां अब तेज हो गई हैं. 15 अगस्त को होने वाले मुख्य समारोह के लिए मोरहाबादी मैदान में जवान दिन-रात मेहनत कर रहे हैं. मैदान में अलग-अलग सुरक्षा बलों की टुकड़ियां परेड की प्रैक्टिस कर रही हैं. कदमताल से लेकर परेड के हर मूवमेंट को बार-बार दोहराया जा रहा है, ताकि स्वतंत्रता दिवस के दिन सब कुछ बिल्कुल सही तरीके से हो.
13 अगस्त को होगा फुल ड्रेस रिहर्सल
मोरहाबादी मैदान में परेड की प्रैक्टिस 13 अगस्त तक चलेगी. 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल होगा. इस दौरान जवान पूरे ड्रेस और तय प्रोटोकॉल के साथ परेड की अंतिम तैयारी करेंगे. फुल ड्रेस रिहर्सल खत्म होने के बाद जवानों को एक दिन का आराम दिया जाएगा. इसके बाद 15 अगस्त को सभी टुकड़ियां पूरी तैयारी के साथ मुख्य समारोह में शामिल होंगी.
14 प्लाटून लेंगी परेड में हिस्सा
इस बार स्वतंत्रता दिवस की परेड में कुल 14 प्लाटून शामिल होंगी. इनमें CRPF, ITBP, SSB और CISF की टुकड़ियां शामिल हैं. इसके साथ झारखंड जगुआर, जैप-1, जैप-2 और जैप-10 के जवान भी परेड में कदम से कदम मिलाते नजर आएंगे.
रांची पुलिस की महिला और पुरुष प्लाटून के साथ होमगार्ड की टुकड़ी भी परेड का हिस्सा बनेगी. वहीं NCC बॉयज और NCC गर्ल्स की प्लाटून भी अपने जोश और अनुशासन के साथ मैदान में मौजूद रहेंगी.
पहली बार ओडिशा पुलिस की प्लाटून होगी शामिल
इस बार परेड में एक खास चीज देखने को मिलेगी. पहली बार ओडिशा पुलिस की प्लाटून रांची के स्वतंत्रता दिवस समारोह में हिस्सा लेने जा रही है. इससे परेड में एक अलग रंग देखने को मिलेगा. ओडिशा पुलिस के जवान भी इन दिनों परेड की तैयारियों में जुटे हैं.
तीन बैंड पार्टियां बढ़ाएंगी समारोह की रौनक
परेड के दौरान तीन बैंड पार्टियां भी अपनी प्रस्तुति देंगी. बैंड की धुन के साथ जवानों की कदमताल पूरे मोरहाबादी मैदान का माहौल देशभक्ति से भर देगी. मैदान में चल रही प्रैक्टिस के दौरान जवानों का जोश और अनुशासन साफ नजर आ रहा है.
15 अगस्त के मुख्य समारोह को लेकर प्रशासन भी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है. अब 13 अगस्त के फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद तैयारियों की आखिरी तस्वीर साफ हो जाएगी. इसके बाद 15 अगस्त को मोरहाबादी मैदान में भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा.