☰
Jharkhand

रांची में भारत-वेस्टइंडीज T20 को लेकर तैयारी तेज, भारी भीड़ के बीच सुरक्षा और ट्रैफिक पर खास नजर

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI):  क्रिकेट प्रेमियों के लिए खुशखबरी है. रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में 9 अक्टूबर 2026 को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. मैच के दौरान बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण को लेकर सोमवार को जिला समाहरणालय में उच्चस्तरीय बैठक हुई. जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिकारियों और जेएससीए पदाधिकारियों ने मैच के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए जरूरी इंतजामों पर चर्चा की. उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया.

बैठक में स्टेडियम और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ ट्रैफिक प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दोपहर 3 बजे दर्शकों के लिए प्रवेश शुरू होने से पहले बिना टिकट वाले लोगों को स्टेडियम के आसपास अनावश्यक रूप से जमा नहीं होने दिया जाएगा. दर्शकों को केवल निर्धारित गेट से ही प्रवेश मिलेगा और उन्हें कतारबद्ध तरीके से स्टेडियम में दाखिल कराया जाएगा. प्रशासन ने क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि वे गेट खुलने से पहले निर्धारित स्थान पर पहुंचकर लाइन में लगें, ताकि प्रवेश के दौरान भीड़ और परेशानी से बचा जा सके. साथ ही स्टेडियम में प्रतिबंधित वस्तुएं लेकर नहीं आने की अपील की गई है. सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए स्टेडियम परिसर और आसपास पुलिस बल की तैनाती और निगरानी व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं.

जिला प्रशासन ने शहरवासियों और क्रिकेट प्रेमियों से यातायात नियमों का पालन करने तथा केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने की अपील की है. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को देने को कहा गया है. बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, अपर जिला दंडाधिकारी धनंजय, एसडीओ सदर कुमार रजत, सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह समेत अन्य अधिकारी और जेएससीए पदाधिकारी मौजूद रहे. प्रशासन का कहना है कि मैच के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सभी जरूरी तैयारियां समय से पूरी की जाएंगी, ताकि भारत-वेस्टइंडीज मुकाबला शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हो सके.