☰
Jharkhand

गर्भवती पत्नी को पुल से धकेला, रातभर टापू पर फंसी रही महिला, ग्रामीणों ने चुड़ैल समझकर किया कुछ ऐसा.....

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): जरा सोचिए की आपके घर के पास एक टापुनुमा जगह हो जहां आधी रात आपको अंधेरे में एक महिला नजर आए. बेशक आपके पैरों के नीचे से जमीन खिसक जाएगी. मामला फिल्मी जरूर प्रतीत हो रहा होगा पर यह मामला रिश्तों को शर्मसार करने वाला है. दरअसल राजधानी रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में एक पति पर अपनी पत्नी को जान से मारने की नीयत से पुल से नदी में धकेलने का आरोप लगा है. घटना पैका जोड़ा पुल की बताई जा रही है, जहां रात के समय एक महिला को उसके पति ने राढ़ू नदी में धकेल दिया. नदी के तेज बहाव में बहने के बाद महिला बीच नदी में बने एक टापू पर जाकर फंस गई. पूरी रात वह ठंड और पानी के बीच मदद का इंतजार करती रही. इसके बाद सुबह ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया.

पीड़ित महिला की पहचान बुंडू थाना क्षेत्र के मधुकमा निवासी लखीमनी कुमारी (22) के रूप में हुई है. उसने पुलिस को बताया कि रात को उसका पति सुरेश महतो उर्फ मिथुनजय महतो उसे बाइक से बाहर ले गया था. महिला के मुताबिक, पति ने उसे जोन्हा फॉल घूमाने की बात कही थी. हालांकि, वहां पर्यटकों और पर्यटन मित्रों की मौजूदगी के कारण वे ज्यादा देर नहीं रुके. इसके बाद दोनों अमरूद बागान पहुंचे और फिर टाटीसिलवे होते हुए पैका जोड़ा पुल पहुंचे.

महिला के अनुसार, पुल पर पहुंचने के बाद पति ने पेट में दर्द होने की बात कहकर बाइक रोक दी. वह नीचे बैठ गया, जबकि लखीमनी पुल पर खड़ी थी. इसी दौरान कथित तौर पर सुरेश ने उसे पीछे से नदी में धक्का दे दिया. अचानक हुए हमले से महिला संभल नहीं सकी और नीचे राढ़ू नदी में जा गिरी. नदी में गिरने के बाद तेज बहाव उसे बहाकर बीच में स्थित एक टापू तक ले गया. किसी तरह वह वहां पहुंची और रातभर उसी जगह फंसी रही. इस दौरान उसका मोबाइल भी नदी में गिरकर खराब हो गया, जिससे वह किसी को मदद के लिए फोन नहीं कर सकी.

तड़के करीब 4.30 बजे महली टोला निवासी सुकरा महली की नजर नदी के बीच टापू पर पड़ी महिला पर गई. अंधेरा होने के कारण उसने महिला को पहचान नहीं पाया. महिला के मदद के लिए चिल्लाने पर वह घबरा गया और उसे चुड़ैल समझकर वहां से भाग गया. घर पहुंचकर उसने टोला के लोगों को पूरी बात बताई. इसके बाद सुबह करीब 4.50 बजे कई ग्रामीण नदी के पास पहुंचे. ग्रामीणों में से दो-तीन लोग तैरकर टापू तक पहुंचे और महिला को अपने साथ लेकर करीब 5.15 बजे सुरक्षित बाहर निकाला. उस वक्त लखीमनी ठंड से बुरी तरह कांप रही थी. हालांकि, उसे गंभीर चोट नहीं आई थी. ग्रामीणों ने उसे संभाला, जिसके बाद उसकी हालत सामान्य हुई.

ग्रामीणों को अपनी आपबीती सुनाते हुए लखीमनी ने बताया कि उसकी शादी सुरेश महतो से इसी साल 12 मई को हुई थी. पुलिस के मुताबिक, लखीमनी आरोपी की दूसरी पत्नी है. उसकी पहली पत्नी से अलगाव हो चुका है. महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति से कोई बड़ा विवाद नहीं हुआ था और वह खुद भी यह समझ नहीं पा रही है कि आखिर उसने उसे नदी में क्यों धकेला. बता दें कि महिला गर्भवती भी है.  

इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम रजवार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. महिला के बयान के आधार पर आरोपी पति सुरेश महतो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से आरोपी का मोबाइल बंद है और वह फरार है. उसकी तलाश में बुंडू समेत संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है.