रांची (RANCHI): राजधानी रांची में कल यानी 8 सितंबर को बिजली उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ेगा. ये इसलिए क्योंकि बिजली विभाग की ओर से अलग-अलग इलाकों में मेंटेनेंस और LT लाइन में केबलिंग का काम कराया जाएगा. इसके चलते कई क्षेत्रों में तय समय के दौरान बिजली आपूर्ति बंद रहेगी. विभाग ने प्रभावित इलाकों के लोगों से अपील की है कि वे बिजली से जुड़े जरूरी काम पहले ही निपटा लें, ताकि कटौती के दौरान परेशानी का सामना न करना पड़े. काम पूरा होने के बाद संबंधित इलाकों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी.
बता दें, कोकर शहरी ओरमांझी विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत उद्धव बाबू लेन और आसपास के क्षेत्रों में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक सप्लाई बाधित रहेगी. वहीं, चडरी विद्युत उपकेंद्र के तहत कुंदन टायर, ताराबाबू लेन और आसपास के इलाकों में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिजली नहीं रहेगी.
इधर, चुटिया क्षेत्र में भी अलग-अलग समय पर बिजली कटौती की जाएगी. पावर हाउस चुटिया के अंतर्गत छठ तालाब के नजदीक टीआरडब्ल्यू क्षेत्र में सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी. इसके अलावा कृष्णापुरी रोड नंबर 3, नाला साइड के आसपास के इलाके में सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक बिजली सप्लाई बाधित रहेगी. इसी तरह कृष्णापुरी छठ तालाब रोड नंबर 1 क्षेत्र में दोपहर 12:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक बिजली कटौती रहेगी. इन इलाकों में रहने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे कटौती की अवधि को ध्यान में रखते हुए पानी भरने, घरेलू उपकरणों के इस्तेमाल और अन्य जरूरी काम पहले से पूरा कर लें.
इसके अलावा सुखदेव नगर क्षेत्र की काली मंदिर गली में भी मंगलवार को बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी. यहां सुबह 11 बजे से शाम 4:30 बजे तक सप्लाई बंद रहने की जानकारी दी गई है. बिजली विभाग द्वारा यह कार्य विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने और लाइन से जुड़ी तकनीकी समस्याओं को दूर करने के उद्देश्य से किया जा रहा है. विभाग ने लोगों से सहयोग की अपील की है. निर्धारित समय के बाद मेंटेनेंस और केबलिंग का काम पूरा होने पर संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी. हालांकि तकनीकी परिस्थितियों के कारण समय में थोड़ा बदलाव संभव है.
