रांची (RANCHI): राजधानी रांची के कई इलाकों में शुक्रवार को बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी. बिजली विभाग की ओर से पुराने एलटी तारों को हटाकर नए LT AB केबल लगाने का काम किया जाएगा. इसके अलावा कुछ क्षेत्रों में यूटिलिटी शिफ्टिंग और आरडीएसएस से जुड़े कार्य भी किए जाएंगे. इस दौरान प्रभावित इलाकों में निर्धारित समय तक बिजली सप्लाई बंद रहेगी. विभाग ने लोगों से अपील की है कि बिजली से जुड़े जरूरी काम पहले ही निपटा लें. कार्य पूरा होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी. चिड़िया घर, मधुबन बिहार और चकला क्षेत्र में सुबह 11:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक बिजली बाधित रहेगी.
वहीं ओरमांझी के बूटी फीडर के अंतर्गत यूटिलिटी शिफ्टिंग का काम किया जाएगा. इसके चलते सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी. इस दौरान बूटी मोड़, सैनिक कॉलोनी, डुमरदग्गा, शिवाजी नगर, महावीर नगर, हनुमान नगर, बसंत विहार, बच्चा जेल और आसपास के इलाकों में बिजली नहीं रहेगी. वहीं, टाटीसिल्वे के प्लांडू फीडर के तहत बारू टोला, पुराना रामपुर और रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने आरडीएसएस का कार्य किया जाएगा. इसके कारण रामपुर चौक के बाद के क्षेत्र में दो ट्रांसफार्मर सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बंद रहेंगे.
इसके अलावा न्यू जगदीश नगर, लालगुटुवा, सुखदेव नगर काली मंदिर, न्यू शाहदेव नगर और कटहल मोड़ क्षेत्र में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी. इन इलाकों में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रहेगी. बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है. विभाग के अनुसार, पुराने तारों को बदलने और तकनीकी कार्यों का उद्देश्य बिजली व्यवस्था को बेहतर और सुरक्षित बनाना है. निर्धारित कार्य पूरा होने के बाद सभी प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी. लोगों को सलाह दी गई है कि बिजली कटौती के समय पानी, मोबाइल चार्जिंग और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पहले से कर लें.
