☰
Jharkhand

खड़गे के बयान पर झारखंड में सियासी घमासान, कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने पहुंचे भाजपा नेता

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

रांची(RANCHI): कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर दिए गए बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है. इस मुद्दे को लेकर झारखंड में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. सोमवार को रांची स्थित कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय का घेराव कर भाजपा नेताओं ने विरोध जताया और कांग्रेस से माफी मांगने की मांग की.

आदित्य साहू बोले- राजनीति में मर्यादा जरूरी

प्रदर्शन के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राजनीति में अलग-अलग विचार होना आम बात है, लेकिन विरोध करते समय भाषा की मर्यादा बनाए रखना भी जरूरी है. किसी नेता के दिवंगत परिजन को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करना सही नहीं है.

आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता द्वारा चुने गए नेता हैं. उनके परिवार को लेकर इस तरह की टिप्पणी करना सार्वजनिक जीवन की गरिमा के खिलाफ है. उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष से अपने बयान को लेकर देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की.

बाबूलाल मरांडी ने भी कांग्रेस को घेरा

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी इस मामले में कांग्रेस पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि लंबे समय से सत्ता से बाहर रहने के कारण कांग्रेस के नेता हताशा में इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं. उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री और उनके परिवार को लेकर इस तरह की टिप्पणियां पहले भी विवाद का कारण बन चुकी हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे बयानों से लोगों में नाराजगी पैदा होती है.

बड़ी संख्या में जुटे भाजपा नेता और कार्यकर्ता

कांग्रेस कार्यालय के घेराव कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए. इनमें दीपक प्रकाश, रविंद्र राय, अमर बाउरी समेत पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे. भाजपा नेताओं ने इस दौरान कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की और राजनीतिक बयानबाजी में मर्यादा बनाए रखने की बात कही. इस घटना के बाद झारखंड में भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग और तेज होने के आसार हैं.