Jharkhand

झारखंड में राज्यसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी के. राजू पहुंचे रांची

Varsha Varma CE
Copy Editor
झारखंड में राज्यसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी के. राजू पहुंचे रांची

रांची(RANCHI): झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है. चुनाव की तारीख नजदीक आते ही सत्ता पक्ष के भीतर बैठकों और रणनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है. इसी कड़ी में कांग्रेस के कई बड़े नेता शुक्रवार को रांची पहुंचे, जिसके बाद राज्य की राजनीति में हलचल और तेज हो गई है. माना जा रहा है कि यह दौरा केवल संगठनात्मक समीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्यसभा सीटों के बंटवारे और राजनीतिक रणनीति से भी जुड़ा हुआ है.

कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू, तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का मल्लू और एआईसीसी सचिव सह-प्रभारी डॉ. सिरिवेला प्रसाद के रांची पहुंचते ही पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला. भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मंत्री दीपिका पांडे सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व सांसद सुबोधकांत सहाय समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका अभिनंदन किया.

राजनीतिक गलियारों में इस दौरे को काफी अहम माना जा रहा है. एयरपोर्ट से निकलने के बाद कांग्रेस नेताओं का काफिला सीधे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास पहुंचा, जहां बंद कमरे में महत्वपूर्ण बैठक हुई. सूत्रों की मानें तो इस बैठक में आगामी राज्यसभा चुनाव, गठबंधन की रणनीति और सीट शेयरिंग को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.

माना जा रहा है कि कांग्रेस इस बार राज्यसभा की एक सीट पर मजबूत दावेदारी पेश कर रही है. पार्टी चाहती है कि गठबंधन के भीतर उसे कम से कम एक सीट मिले. यही वजह है कि कांग्रेस नेतृत्व लगातार सक्रिय नजर आ रहा है और शीर्ष नेताओं की रांची मौजूदगी को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि राज्यसभा चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन के भीतर सहमति बनाना आसान नहीं होगा. हालांकि कांग्रेस अपने संगठन और संख्या बल के आधार पर सीट की मांग को लेकर गंभीर दिखाई दे रही है. अब सबकी नजर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेताओं के बीच हुई बैठक के नतीजों पर टिकी हुई है.