Jharkhand

ट्रिपल मर्डर का 3 महीने बाद भी पुलिस नहीं कर सकी खुलासा, न्याय की गुहार लेकर दर-दर भटक रहा परिवार

Saumya Shukla
Senior News Publisher • TheNewsPost.in
ट्रिपल मर्डर का 3 महीने बाद भी पुलिस नहीं कर सकी खुलासा, न्याय की गुहार लेकर दर-दर भटक रहा परिवार

रांची(RANCHI): हजारीबाग में हुए ट्रिपल मर्डर केस को तीन महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक इस हत्याकांड की गुत्थी नहीं सुलझ पाई है. पुलिस जांच में कोई ठोस प्रगति नहीं होने से मृतकों के परिजनों का भरोसा स्थानीय जांच पर से उठ गया है. यही वजह है कि अब परिवार इस पूरे मामले की CID जांच कराने की मांग कर रहा है. परिजनों का कहना है कि निष्पक्ष और गहराई से जांच होगी तभी असली आरोपी सामने आएंगे और उन्हें इंसाफ मिल पाएगा.

परिजनों का आरोप है कि पुलिस न सिर्फ मामले की जांच में लापरवाही बरत रही है, बल्कि शिकायत दर्ज कराने में भी उन्हें परेशान किया जा रहा है. उनका कहना है कि जब भी वे थाने में आवेदन देने जाते हैं, पहले शिकायत लेने से इनकार कर दिया जाता है. इतना ही नहीं, एक पुलिस अधिकारी पर 50 हजार रुपये की मांग करने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है. इन आरोपों के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े हो गए हैं.

इंसाफ की उम्मीद लेकर मृतकों के परिजन राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के आवास पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी देते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की. उन्होंने मंत्री से कहा कि तीन महीने बाद भी न तो किसी आरोपी की गिरफ्तारी हुई है और न ही जांच में कोई बड़ा खुलासा हुआ है. ऐसे में अब इस मामले की जांच CID से कराई जाए.

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले में जल्द उचित कार्रवाई होगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने तीनों पीड़ित परिवारों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी दी और कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है.

हालांकि परिजन सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि अपने परिजनों के हत्यारों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच चाहते हैं. उनका कहना है कि जब तक मामले की CID जांच नहीं होगी और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उनका न्याय का संघर्ष जारी रहेगा. अब सभी की नजर इस बात पर है कि सरकार इस मांग पर क्या फैसला लेती है.