Jharkhand

2 करोड़ दो... वरना बरसेंगी गोलियां! राहुल दुबे गैंग के नाम पर कारोबारी से रंगदारी की मांग

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
2 करोड़ दो... वरना बरसेंगी गोलियां! राहुल दुबे गैंग के नाम पर कारोबारी से रंगदारी की मांग

रांची (RANCHI): राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र से रंगदारी और जान से मारने की धमकी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. एक कारोबारी से कथित तौर पर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है. रकम नहीं देने पर पूरे परिवार को खत्म करने, बेटे की हत्या करने और कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों पर बमबारी व फायरिंग कराने की धमकी दी गई है. पीड़ित कारोबारी ने कांके थाना में लिखित शिकायत देकर सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

शिकायत के अनुसार, कारोबारी आशुतोष कुमार सिंह को 5 जुलाई को एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल आया. कॉल रिसीव नहीं करने पर उसी नंबर से व्हाट्सएप पर धमकी भरा संदेश भेजा गया. मैसेज में एक सप्ताह के भीतर दो करोड़ रुपये देने के साथ-साथ हर महीने 10 लाख रुपये रंगदारी देने की मांग की गई.

धमकी भरे संदेश में कहा गया कि यदि तय समय के भीतर रकम नहीं दी गई तो उनके पेट्रोल पंप, घर और निर्माणाधीन मॉल पर बमबारी और फायरिंग कराई जाएगी. साथ ही उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी को निशाना बनाने और पूरे परिवार की हत्या करने की चेतावनी भी दी गई. इतना ही नहीं, उनके बेटे की जान लेने की धमकी भी संदेश में दी गई. मैसेज भेजने वालों ने दावा किया कि उन्हें कारोबारी के परिवार और व्यवसाय से जुड़ी पूरी जानकारी है.

कारोबारी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि धमकी भरे व्हाट्सएप संदेश के अंत में राहुल दुबे, अमन साहू, मयंक सिंह, प्रकाश शुक्ला और राहुल दुबे गैंग का नाम लिखा हुआ है. उन्होंने इस मैसेज की फोटो कॉपी भी पुलिस को साक्ष्य के तौर पर सौंप दी है.

हालांकि, आवेदन में कारोबारी ने यह भी उल्लेख किया है कि पिछले करीब एक महीने से उनके भतीजे के साथ मकान को लेकर विवाद चल रहा है. उनका कहना है कि जब भी वह मकान खाली करने की बात करते हैं, उसी दौरान इस तरह की धमकियां मिलने लगती हैं. ऐसे में पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है. इधर, पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय नंबर, व्हाट्सएप संदेश और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही धमकी देने वालों की पहचान कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.