रांची (RANCHI): भारतीय रेलवे ने यात्रियों के लिए बड़ी राहत दी है. जो लोग अपने घर से दूर है और दिवाली छठ में घर जाना चाहते है उन लोगों के लिए रेलवे ने बड़ी सौगात दी है. त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई रूटों पर स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का फैसला किया है. पूर्व रेलवे और दक्षिण पूर्व रेलवे की ओर से चलाई जा रही इन ट्रेनों से झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को सुविधा मिलेगी. हावड़ा, नई दिल्ली, दरभंगा, टाटानगर, रांची, पूर्णिया और गोरखपुर समेत कई शहरों के बीच विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी.
हावड़ा-नई दिल्ली के बीच पांच-पांच फेरे
ट्रेन संख्या 04054 नई दिल्ली-हावड़ा स्पेशल 4, 5, 7, 11 और 12 नवंबर को शाम 6:15 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 11:40 बजे हावड़ा पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 04053 हावड़ा-नई दिल्ली स्पेशल 6, 7, 9, 13 और 14 नवंबर को रात 1:40 बजे खुलेगी. यह अगले दिन सुबह 8:20 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी. दोनों ट्रेनें दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह में रुकेंगी.
शालीमार-दरभंगा के बीच चलेगी टीओडी स्पेशल
ट्रेन संख्या 08109 शालीमार-दरभंगा स्पेशल 3 से 17 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार को सुबह 10:15 बजे शालीमार से खुलेगी और रात 9:30 बजे दरभंगा पहुंचेगी. वापसी में 08110 दरभंगा-शालीमार स्पेशल प्रत्येक बुधवार को रात 12:30 बजे रवाना होकर दोपहर 2:30 बजे शालीमार पहुंचेगी. दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे होंगे.
टाटानगर-लाभा और रांची-पूर्णिया के यात्रियों को राहत
ट्रेन संख्या 08181 टाटानगर-लाभा स्पेशल 5, 12 और 19 नवंबर को दोपहर 1 बजे रवाना होगी. वापसी में 08182 लाभा-टाटानगर स्पेशल 6, 13 और 20 नवंबर को सुबह 5:20 बजे खुलेगी. वहीं, रांची-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल 08625 प्रत्येक शुक्रवार यानी 6 से 20 नवंबर तक शाम 6 बजे रांची से रवाना होगी. वापसी में 08626 प्रत्येक शनिवार को दोपहर 3 बजे पूर्णिया कोर्ट से चलेगी. यह ट्रेन मुरी, बोकारो, धनबाद, चित्तरंजन, मधुपुर, देवघर और बांका होकर गुजरेगी. इसमें कुल 22 कोच होंगे.
गोरखपुर और बेतिया के लिए भी अनारक्षित ट्रेनें
हावड़ा-गोरखपुर अनारक्षित स्पेशल 03037 का परिचालन 11, 13 और 14 नवंबर को होगा. वहीं, वापसी में 03038 गोरखपुर-हावड़ा स्पेशल 12, 14 और 15 नवंबर को चलेगी. इसके अलावा हावड़ा-बेतिया स्पेशल 03039 का परिचालन 12, 13 और 14 नवंबर को होगा. वापसी में 03040 बेतिया-हावड़ा स्पेशल 13, 14 और 15 नवंबर को चलेगी. ये ट्रेनें भी दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर रुकेंगी.
यात्रियों से समय देखकर यात्रा करने की अपील
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की तारीख और समय-सारणी की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें. त्योहारों के दौरान इन विशेष ट्रेनों के परिचालन से यात्रियों को भीड़ से राहत मिलने की उम्मीद है.
