Jharkhand

यात्रीगण कृपया ध्यान दें! अजमेर-रांची के बीच चलेगी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन, जानें पूरा शेड्यूल

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI):  त्योहारों का मौसम नजदीक है, ऐसे में ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी अपडेट है. पूजा के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अजमेर और रांची के बीच साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. ट्रेन संख्या 09619/09620 अजमेर-रांची-अजमेर पूजा स्पेशल जयपुर के रास्ते चलेगी. दोनों दिशाओं में ट्रेन नौ-नौ फेरे लगाएगी.

अजमेर से ट्रेन संख्या 09619 दो अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार रात 11:05 बजे रवाना होगी. जयपुर, गुना, कटनी मुड़वारा और चोपन होते हुए यह गढ़वा रोड सुबह 2:15 बजे पहुंचेगी. इसके बाद टोरी सुबह 4:43 बजे, लोहरदगा 5:28 बजे और पिस्का 6:55 बजे पहुंचेगी. ट्रेन रविवार सुबह 7:30 बजे रांची स्टेशन पहुंचेगी.

वापसी में ट्रेन संख्या 09620 चार अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार सुबह 10:50 बजे रांची से अजमेर के लिए प्रस्थान करेगी. यह पिस्का, लोहरदगा और टोरी होते हुए दोपहर 3:25 बजे गढ़वा रोड पहुंचेगी. चोपन में इसका आगमन शाम 5:50 बजे होगा और शाम 6:20 बजे वहां से रवाना होगी.

इसके बाद ट्रेन कटनी मुड़वारा रात 12:15 बजे और गुना सुबह 7:25 बजे पहुंचेगी. जयपुर में ट्रेन दोपहर 3:55 बजे पहुंचेगी और 4:05 बजे अजमेर के लिए रवाना होगी. सोमवार शाम 6:35 बजे ट्रेन अजमेर पहुंचेगी.

इस पूजा स्पेशल ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे. इनमें दो एसएलआरडी, चार सामान्य श्रेणी, पांच स्लीपर, पांच एसी 3-टियर और दो एसी 2-टियर कोच शामिल होंगे. स्पेशल ट्रेन के परिचालन से पूजा के दौरान झारखंड, मध्य प्रदेश और राजस्थान के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा.