Jharkhand

Parade 2026: झारखंड पुलिस को मिले 340 नए प्रहरी, CM हेमंत ने कहा- अब जनता की सुरक्षा आपकी जिम्मेदारी

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
Parade 2026: झारखंड पुलिस को मिले 340 नए प्रहरी, CM हेमंत ने कहा- अब जनता की सुरक्षा आपकी जिम्मेदारी

रांची (RANCHI): राजधानी रांची के डोरंडा स्थित जैप-1 मैदान में आयोजित "बुनियादी प्रशिक्षुओं का पारण परेड समारोह-2026" में अनुशासन, समर्पण और देशसेवा का शानदार नजारा देखने को मिला. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में हिस्सा लिया और प्रशिक्षण पूरा कर चुके पुलिस उपाधीक्षकों व आरक्षियों की परेड का निरीक्षण किया. इस दौरान नव नियुक्त जवानों ने बारिश के बीच शपथ लेकर राज्य और देश की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई. समारोह में कुल 340 प्रशिक्षु शामिल हुए, जिनमें 4 पुलिस उपाधीक्षक और 336 आरक्षी शामिल थे. आरक्षियों में 255 पुरुष और 81 महिला जवान थीं. मुख्यमंत्री ने परेड का निरीक्षण करने के साथ-साथ प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को सम्मानित भी किया.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि लगभग 30 सप्ताह के कठिन प्रशिक्षण के बाद यह दिन सभी प्रशिक्षुओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि इस बैच में करीब 25 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी राज्य के लिए गर्व की बात है. राज्य सरकार चाहती है कि हर क्षेत्र में महिलाओं और पुरुषों की समान भागीदारी सुनिश्चित हो.

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी और संकल्प है. उन्होंने नव नियुक्त जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि शपथ ग्रहण केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है. अब वे सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि राज्य के करोड़ों नागरिकों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए समर्पित हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान जवानों को जो ज्ञान और कौशल दिया गया है, उसका प्रभाव अब राज्य की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था में दिखाई देना चाहिए. चुनौतियां चाहे कितनी भी बड़ी हों, यदि जवान पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे तो हर समस्या का समाधान संभव है.

हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस विभाग को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के लिए आधुनिक आवासीय विद्यालयों का निर्माण कराया जाएगा. साथ ही पुलिस विभाग के लिए विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है. समारोह में प्रशिक्षित जवानों ने आकर्षक मार्चपास्ट और बेहतरीन कदमताल का प्रदर्शन कर अपनी दक्षता का परिचय दिया. इस दौरान सभी जवानों को संविधान, देश और राज्य सेवा, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा तथा पुलिस बल की गरिमा बनाए रखने की शपथ दिलाई गई.