रांची : झारखंड को आज 26 साल हो गए है. ऐसे में झारखंड स्थापना दिवस के मौके में राज्य के अलग अलग जिलों में अलग अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. राज्य के सीएम हेमंत सोरेन से लेकर पक्ष-विपक्ष के मंत्रियों ने भगवान बिरसा मुंडा को मालार्पण कर नमन किया गया. ऐसे में झारखंड राज्य स्थापना दिवस और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर रविवार को झारखंड विधानसभा परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए. कार्यक्रम में विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार समेत अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे.
विधानसभा अध्यक्ष ने राज्यवासियों को दी शुभकामनाएं
झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने प्रदेश के सभी लोगों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के ऐसे महानायक थे, जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के शोषण, अत्याचार और अन्याय के खिलाफ लोगों को जागरूक किया. उन्होंने अपने संघर्ष और विचारों से जनजातीय समाज में अधिकारों और स्वाभिमान के प्रति चेतना पैदा की.
उलगुलान को बताया अन्याय के खिलाफ संघर्ष का प्रतीक
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित किया था. उनके नेतृत्व में हुआ ऐतिहासिक उलगुलान केवल अंग्रेजी शासन के खिलाफ विद्रोह नहीं था, बल्कि अन्याय, शोषण और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष का प्रतीक भी था. इस आंदोलन ने लोगों में स्वतंत्रता की भावना को मजबूत किया और अपने हक के लिए आवाज उठाने की प्रेरणा दी.
विकसित झारखंड के निर्माण का किया आह्वान
रबींद्रनाथ महतो ने कहा कि झारखंड की सांस्कृतिक अस्मिता, जनजातीय गौरव और सामाजिक चेतना के निर्माण में धरती आबा का योगदान अतुलनीय है. उनके विचारों और संघर्षों ने झारखंड की अलग पहचान और राज्य के अस्तित्व को वैचारिक आधार दिया. उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के आदर्श आज भी समाज को दिशा दिखाते हैं. उनके विचारों को आत्मसात कर एक समृद्ध, समावेशी और विकसित झारखंड के निर्माण के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए.
