रांची (RANCHI): गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया. इस दौरान केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, गांडेय विधायक कल्पना सोरेन और राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने भी बापू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने महात्मा गांधी के आदर्शों और विचारों को याद करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प दोहराया. उन्होंने कहा कि आज का दिन भारत के इतिहास का बेहद महत्वपूर्ण दिन है, जिसे देश के अस्तित्व तक भुलाया नहीं जा सकता. उन्होंने कहा कि आज दो महान विभूतियों की जयंती है, जिन्होंने अपने विचारों और कार्यों से देश को नई दिशा देने का काम किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का इतिहास गौरवशाली रहा है और यहां अनेक ऐसी महान विभूतियों ने जन्म लिया, जिन्होंने देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया को मार्गदर्शन दिया. उनके विचार और आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं और समाज तथा राष्ट्र को दिशा दिखा रहे हैं. उन्होंने कहा कि हमें इन महापुरुषों के विचारों को समझकर उनके बताए मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए. ऐसी महान विभूतियां हमेशा हमारे दिलों में जीवित रहेंगी और उनकी सीख आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी.
वहीं राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि आज देश की महान विभूतियों को याद करने का अवसर है. उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को भी याद किया और कहा कि उन्होंने देश के विकास और पहचान को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने महात्मा गांधी को पूरी दुनिया के लिए शांति का दूत बताया. उन्होंने गांधी जी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को नमन करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया.
