Jharkhand

ना सोना, ना चांदा, ना पैसे, चोरो ने एक ऐसे सामान पर हाथ किया साफ, जिससे सुनकर हो जाएंगे हैरान

Varsha Varma CE
Varsha Varma CE
Copy Editor

रांची(RANCHI): आमतौर पर आपने चोरों को सोना, चांदी, नकदी, बाइक या कार चोरी करते हुए सुना होगा. लेकिन क्या कभी आपने यह सुना है कि किसी दुकान या घर के बाहर रखा दूध भी चोरी हो सकता है, अगर नहीं, तो राजधानी रांची से सामने आई यह घटना आपको हैरान कर देगी. यहां बढ़ती महंगाई और दूध की कीमतों के बीच अब चोरों की नजर दूध पर भी पड़ने लगी है. रांची के सेक्टर-2 मार्केट में एक दुकान के बाहर रखा दूध चोरी हो गया, जिसकी पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई.

मामला सेक्टर-2 मार्केट का है. जहां लोग अपने रोजमर्रा के काम में जुट रहे थे, तभी एक ऐसी घटना सामने आई जिसने इलाके के दुकानदारों को हैरान कर दिया. मशहूर रंगोली स्वीट्स के बाहर रखे दूध के कंटेनर पर एक शातिर चोर ने हाथ साफ कर दिया. लेकिन चोर यह नहीं जानता था कि उसकी हरकत दुकान के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो चुकी है.

बताया जा रहा है कि रोज की तरह दुकान के बाहर दूध रखा गया था, तभी एक युवक मौके पर पहुंचा और मौका देखते ही दूध लेकर फरार हो गया. कुछ देर बाद जब दुकान कर्मियों की नजर वहां पड़ी तो दूध गायब मिला. इसके बाद CCTV फुटेज खंगाला गया, जिसमें एक संदिग्ध युवक साफ तौर पर नजर आ रहा है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के समय बाजार में इस तरह की चोरी चिंता का विषय है. दुकानदारों ने प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.रंगोली स्वीट्स प्रबंधन ने लोगों से अपील की है कि अगर कोई व्यक्ति CCTV में दिख रहे युवक को पहचानता है या उसके बारे में कोई जानकारी रखता है, तो तुरंत सूचना दें. पहचान बताने वाले व्यक्ति को इनाम देने की भी घोषणा की गई है.फिलहाल CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग अपने-अपने तरीके से चोर की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं. अब देखना होगा कि यह ‘दूध चोर’ कब तक पुलिस और लोगों की नजरों से बच पाता है.