RANCHI:रांची के विभिन्न इलाकों में गुरुवार, 30 जुलाई को बिजली उपभोक्ताओं को कुछ घंटों तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा. झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) की ओर से निर्धारित रखरखाव और नेटवर्क सुधार कार्य के कारण अलग-अलग फीडरों से जुड़े क्षेत्रों में तय समय के अनुसार बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद रहेगी. विभाग के अनुसार इस दौरान पुराने नंगे बिजली तारों को हटाकर कवर युक्त तार लगाए जाएंगे. इसके अलावा जहां जरूरत होगी, वहां नए बिजली पोल भी स्थापित किए जाएंगे ताकि भविष्य में बिजली आपूर्ति अधिक सुरक्षित और सुचारु बनी रहे.
बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित समय से पहले अपने जरूरी घरेलू और व्यावसायिक कार्य पूरे कर लें. विभाग का कहना है कि रखरखाव कार्य समाप्त होते ही संबंधित इलाकों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी.
सबसे पहले कृष्णापुरी फीडर से जुड़े क्षेत्रों में दोपहर 12:30 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली बंद रहेगी. इस दौरान अयोध्यापुरी एलटी ब्रांच लाइन पर तकनीकी कार्य किया जाएगा, जिसके लिए संबंधित ट्रांसफार्मर को बंद रखा जाएगा.
कृष्णापुरी रोड नंबर-7 और द्वारिकापुरी रोड नंबर-2 स्थित उर्मिला निवास के सामने वाले इलाके में सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी. इन दोनों स्थानों के ट्रांसफार्मरों को रखरखाव कार्य के लिए बंद रखा जाएगा.
अयोध्यापुरी फीडर के अंतर्गत सुरेंद्रनाथ स्कूल, बांधगाड़ी और आलू गोदाम क्षेत्र में सुबह 4 बजे से 8 बजे तक बिजली नहीं रहेगी. वहीं आर.के. मिशन फीडर से जुड़े सत्तार कॉलोनी इलाके में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी.
बड़गाईं फीडर के अंतर्गत टीवीएस शोरूम, विश्वकर्मा कॉलोनी, बड़गाईं, इलाही नगर टाउन और बड़गाईं तालाब के आसपास के क्षेत्रों में भी सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली बंद रहेगी. इसी तरह बुटी फीडर से जुड़े बसंत विहार, डुमरदगा, सैनिक कॉलोनी, महावीर नगर, बुटी बस्ती और आसपास के इलाकों में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी.
बिजली विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह कटौती केवल निर्धारित रखरखाव कार्य को सुरक्षित तरीके से पूरा करने के लिए की जा रही है. कार्य पूरा होने के बाद सभी प्रभावित क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी. विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की है.
