रांची (RANCHI): राजधानी में जमीन खरीद को लेकर एयरफोर्स अधिकारी और उनकी पत्नी के बीच चल रहा विवाद अब और गहरा गया है. पलामू के लेस्लीगंज निवासी एवं भारतीय वायुसेना में कार्यरत अभिनव सिंह की शिकायत पर रातू थाना में उनकी पत्नी डॉ. अमितु सिंह और ससुर जयप्रकाश सिंह के खिलाफ कथित धोखाधड़ी का मामला दर्ज होने के बाद पत्नी ने भी सामने आकर अपना पक्ष रखा है.
डॉ. अमितु सिंह ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है. उनका कहना है कि उन्होंने वर्ष 2025 में ही अपने पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था. उनके अनुसार, विवाह के बाद लगातार दहेज की मांग की जाती रही और उन्हें शारीरिक व मानसिक रूप से परेशान किया गया.
जमीन विवाद को लेकर अमितु सिंह ने दावा किया कि रांची में खरीदी गई संपत्ति में उनके पिता ने लगभग 38 लाख रुपये का निवेश किया था. उन्होंने यह भी कहा कि उनके पति द्वारा दी गई राशि में से 17 लाख रुपये से अधिक वापस किए जा चुके हैं. ऐसे में धोखाधड़ी के आरोपों का कोई आधार नहीं है. डॉ. अमितु सिंह का आरोप है कि उनके द्वारा दर्ज कराए गए दहेज प्रताड़ना मामले और अदालत में चल रही कानूनी प्रक्रिया के बीच अब उनके खिलाफ दर्ज कराई गई प्राथमिकी दबाव बनाने की कोशिश का हिस्सा है. उन्होंने कहा कि पूरा मामला पहले से न्यायालय में विचाराधीन है और कानूनी प्रक्रिया के तहत इसकी सुनवाई जारी है.
गौरतलब है कि स्क्वाड्रन लीडर अभिनव सिंह ने आरोप लगाया है कि उनकी कमाई से खरीदी गई जमीन को उनकी जानकारी के बिना पत्नी के नाम दर्ज कराया गया. इस मामले में उन्होंने पत्नी और ससुर पर साजिश और विश्वासघात का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है. फिलहाल दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं. एक ओर जमीन खरीद में धोखाधड़ी के आरोप हैं, तो दूसरी ओर दहेज प्रताड़ना और उत्पीड़न के दावे. मामला अब पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के अधीन है, जिसके बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी.
