टीनपी डेस्क (TNP DESK): छठ महापर्व की शुरुआत आज यानी 13 नवंबर से हो चुकी है. चार दिनों तक चलने वाला यह लोक आस्था का महापर्व 16 नवंबर को समाप्त होगा. ऐसे में हर किसी की कोशिश है कि किसी तरह छठ से पहले अपने घर पहुंच जाए और परिवार के साथ पर्व मना सके. लेकिन त्योहार के इस मौसम में घर लौटना यात्रियों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है. कई लोगों को अब तक न तो ट्रेन का टिकट मिला है और न ही बस में जगह. इसके बावजूद लोग अपने घर पहुंचने के लिए पूरी कोशिश कर रहे हैं.
रांची स्टेशन पर यात्रियों का भारी दबाव
रांची रेलवे स्टेशन पर कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला. प्लेटफॉर्म से लेकर फुट ओवरब्रिज तक यात्रियों की भीड़ नजर आई. किसी के हाथ में बड़ा बैग था तो कोई बच्चों और सामान के साथ ट्रेन का इंतजार कर रहा था. सामान्य दिनों में रांची स्टेशन पर करीब 50 से 52 हजार यात्रियों की आवाजाही होती है, लेकिन यह आंकड़ा बढ़कर करीब 80 हजार तक पहुंच गया.
एक सीट पर छह यात्री, बाथरूम तक में सफर
बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाली ट्रेनों में सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिल रही है. हालात ऐसे हैं कि कई ट्रेनों में एक सीट पर पांच से छह यात्री बैठकर सफर कर रहे हैं. जनरल कोच में पैर रखने तक की जगह नहीं बच रही है. कई यात्री कोच के दरवाजे और गलियारों में खड़े होकर यात्रा कर रहे हैं. भीड़ के कारण कुछ यात्रियों ने बाथरूम तक में जगह बना ली है. बच्चों और बुजुर्गों के साथ सफर करने वालों की परेशानी और बढ़ गई है.
स्पेशल ट्रेनें भी कम पड़ रहीं
मौर्या एक्सप्रेस, रांची-इस्लामपुर एक्सप्रेस, रांची-वाराणसी इंटरसिटी, रांची-गोड्डा एक्सप्रेस और पाटलिपुत्र एक्सप्रेस में यात्रियों का दबाव अधिक है. रेलवे की ओर से छठ के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, लेकिन यात्रियों की संख्या के मुकाबले राहत कम पड़ती दिख रही है. वहीं, स्टेशन पर आरपीएफ के जवानों की अतिरिक्त तैनाती की गई है. जवान यात्रियों को कतार में चढ़ाने और उतरने में मदद कर रहे हैं. छठ पर अपनों के बीच पहुंचने की चाह में यात्री लंबी दूरी और भारी भीड़ की परेशानी भी झेलने को तैयार हैं.
