Jharkhand

राज्यसभा चुनाव से पहले NDA का शक्ति प्रदर्शन! रेडिशन ब्लू में विधायकों को मिली मॉक पोल ट्रेनिंग

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड में राज्यसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है और इसके साथ ही राजनीतिक दलों की गतिविधियां भी तेज हो गई हैं. मतदान से ठीक पहले एनडीए खेमे ने एकजुटता और आत्मविश्वास का प्रदर्शन करते हुए रांची के रेडिशन ब्लू होटल में अपने विधायकों की बैठक आयोजित की. बैठक में राज्यसभा चुनाव की मतदान प्रक्रिया को लेकर विधायकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया, ताकि मतदान के दौरान किसी तरह की तकनीकी या प्रक्रियागत चूक न हो.

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में विधायकों को मॉक पोल के माध्यम से वोटिंग की पूरी प्रक्रिया समझाई गई. खासतौर पर नए विधायकों को राज्यसभा चुनाव में मतदान के नियमों और प्रक्रिया से विस्तार से अवगत कराया गया. बैठक के दौरान एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत को लेकर सभी विधायक पूरी तरह आश्वस्त नजर आए.

इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि भाजपा पर होटल राजनीति का आरोप लगाने वाली कांग्रेस को पहले यह बताना चाहिए कि बीएनआर होटल में ठहरे विधायक कौन हैं और वहां किस उद्देश्य से बैठकें चल रही हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस दावा कर रही थी कि उसके विधायक सीधे अपने घरों से मतदान के लिए पहुंचेंगे, लेकिन अब पूरा कुनबा होटल में डेरा डाले हुए है.

आदित्य साहू ने दावा किया कि एनडीए के सभी विधायक पूरी मजबूती के साथ परिमल नाथवानी के समर्थन में खड़े हैं और उनकी जीत शत-प्रतिशत तय है. उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी खेमे के कुछ विधायक भी अपनी अंतरात्मा और राष्ट्रहित को ध्यान में रखते हुए मतदान कर सकते हैं.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस द्वारा बाहरी नेताओं को पोलिंग एजेंट बनाए जाने पर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि यदि झारखंड कांग्रेस के स्थानीय नेताओं पर ही भरोसा नहीं है, तो यह पार्टी की आंतरिक स्थिति को दर्शाता है. उनके अनुसार, रेडिशन ब्लू में मौजूद एनडीए विधायकों का उत्साह कांग्रेस खेमे की बेचैनी बढ़ाने के लिए काफी है. बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, सरयू राय, सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, नागेंद्र महतो, शशिभूषण मेहता, मनोज यादव, नीरा यादव, राज सिन्हा समेत एनडीए के कई विधायक मौजूद रहे.