रांची (RANCHI): राज्य के सरकारी स्कूलों में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय खेल आयोजन 27 अगस्त से शुरू होगा. झारखंड शिक्षा परियोजना की ओर से सभी जिलों के लिए इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं. दरअसल, 28 अगस्त को रक्षाबंधन का अवकाश होने के कारण कार्यक्रम की तिथि में बदलाव किया गया है. अब 28 अगस्त को होने वाली सभी गतिविधियां एक दिन पहले यानी 27 अगस्त को आयोजित की जाएंगी. इसके बाद 29 और 30 अगस्त की गतिविधियां तय कार्यक्रम के अनुसार होंगी. रविवार होने के बावजूद 30 अगस्त को विद्यालय सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक खुले रहेंगे.
राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत इस बार देशभर में 'खेलेगा भारत. जीतेगा भारत' थीम पर तीन दिवसीय अभियान चलाया जाएगा. केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के निर्देश के अनुरूप झारखंड में भी सरकारी स्कूलों के साथ-साथ सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों को अभियान में शामिल किया गया है. इस दौरान विद्यार्थियों के बीच विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. इसके अलावा बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने और नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए जागरूक करने वाली कई अन्य गतिविधियां भी कराई जाएंगी. विद्यालय स्तर पर प्रतिभागियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है.
आयोजन को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए स्कूलों में जरूरी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. विद्यालयों में पर्याप्त मात्रा में खेल सामग्री उपलब्ध रखने के साथ प्रतिभागियों के लिए पेयजल और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था अनिवार्य रूप से करने को कहा गया है. प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाएगा. विभिन्न खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए मेडल देकर सम्मानित भी किया जाएगा. शिक्षा विभाग का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों में खेल भावना. अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है.
