☰
Jharkhand

रांची: नगर निगम के हॉस्टल, लॉज और कोचिंग संस्थानों पर बड़ा एक्शन, 24 घंटे में बंद करने का आदेश

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI): रांची नगर निगम ने हॉस्टल, लॉज और कोचिंग संस्थानों के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है. राजधानी में बिना जरूरी दस्तावेज और नियमों के संचालित हो रहे हॉस्टल, लॉज और कोचिंग संस्थानों पर नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है. निगम ने वैधानिक नियमों का पालन नहीं करने वाले 45 संस्थानों को अंतिम स्मार नोटिस जारी किया है. सभी संबंधित संस्थानों को नोटिस मिलने के 24 घंटे के भीतर अपना संचालन बंद करने का निर्देश दिया गया है. निगम ने साफ किया है कि तय समय में नियमों का पालन नहीं करने पर संस्थानों को सील किया जाएगा.

पहले 10 संस्थानों को दिया गया था नोटिस

नगर निगम के अनुसार, इससे पहले 10 संस्थानों को अंतिम स्मार नोटिस जारी कर जरूरी दस्तावेज जमा करने और नियमों का पालन करने का निर्देश दिया गया था. इसके बावजूद संबंधित संस्थानों ने निर्देशों का पालन नहीं किया. संस्थानों की ओर से जवाब भी दिया गया, लेकिन निगम ने उसे संतोषजनक नहीं पाया. इसके बाद नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों का संचालन बंद कराया गया.

ट्रेड लाइसेंस से लेकर फायर NOC तक जरूरी

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि हॉस्टल, लॉज और कोचिंग संस्थानों के संचालन के लिए कई जरूरी दस्तावेज और अनुमतियां अनिवार्य हैं. इनमें ट्रेड लाइसेंस, हॉस्टल पंजीकरण, वाणिज्यिक होल्डिंग, अग्निशमन विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र यानी फायर NOC और स्वीकृत भवन प्लान शामिल हैं. इसके अलावा संस्थानों को निर्धारित सुरक्षा और अन्य वैधानिक मानकों का भी पालन करना होगा.

24 घंटे में दस्तावेज जमा करने का निर्देश

निगम की ओर से जारी नोटिस में संबंधित संस्थानों को स्वीकृत भवन प्लान और संचालन से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है. साथ ही निर्धारित समय-सीमा में अपना संचालन बंद करने का निर्देश दिया गया है. ऐसे में अब देखना होगा की इस मामले में क्या कार्रवाई होती है.