Jharkhand

BIT मेसरा के हॉस्टल में M.Sc. छात्रा की मौत, कमरे में पंखे से लटका मिला शव

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

रांची(RANCHI): BIT मेसरा में M.Sc. की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. छात्रा का शव हॉस्टल नंबर-9 से उसके कमरे में पंखे से लटका मिला. मृतका की पहचान अंजली सुमन के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलने के बाद हॉस्टल और कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

अंजली शाम को कॉलेज से लौटने के बाद अपने हॉस्टल के कमरे में चली गई थी. काफी समय बीतने के बाद भी जब वह कमरे से बाहर नहीं निकली तो हॉस्टल की दूसरी छात्राओं को चिंता हुई. इसके बाद इसकी जानकारी कॉलेज प्रबंधन को दी गई. कमरे की जांच किए जाने पर अंजली पंखे से लटकी मिली. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

मौके से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट

घटना की सूचना मिलने के बाद BIT थाना पुलिस हॉस्टल पहुंची. पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और कमरे के साथ आसपास की जगह की जांच की. पुलिस के मुताबिक मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. ऐसे में छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसकी स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है.

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. छात्रा के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले दूसरे तथ्यों के आधार पर पुलिस मामले को आगे बढ़ाएगी.

BIT ओपी प्रभारी अजय कुमार दास के मुताबिक मामले में फिलहाल यूडी केस दर्ज कर जांच की जा रही है. पुलिस छात्रा की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है. जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.