Jharkhand

विधायक-थानेदार विवाद: कोर्ट से फिलहाल राहत नहीं, पुलिस एसोसिएशन ने बढ़ाया दबाव,अब क्या करेंगे विधायक?

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

TNP DESK- झारखंड के चर्चित विधायक जयराम महतो कुछ महीने पहले धनबाद में कहा था कि वह एक रिसर्चर हैं, किसी भी मुद्दे को लेकर जड़  तक जाते हैं और उसका धागा खोलकर ही दम लेते हैं.  फिलहाल झारखंड पुलिस एसोसिएशन  और विधायक के बीच चल रही तनातनी में ऐसा ही कुछ दिखता है.  विधायक जयराम महतो  लगातार बरवा अड्डा  के दरोगा सहित अन्य पुलिस अधिकारियों पर हमलावर हैं.  तो झारखंड पुलिस एसोसिएशन  भी मोर्चाबंदी कर लिया है.  

झारखंड के 24 जिलों में पुलिस एसोसिएशन सक्रियता बढ़ाकर  दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है, तो विधायक जयराम महतो भी इलाके -इलाके में घूम रहे हैं और अपने समर्थकों को सारी बातों से अवगत करा रहे है.  बरवाअड्डा  पुलिस ने थानेदार के बयान पर घटना के  चार दिन बाद दूसरी एफआईआर दर्ज की थी.  उसमें गंभीर धारा लगाए गए हैं.  उसके बाद एक दो मिनट का ऑडियो वायरल हुआ.  यह ऑडियो किसने वायरल किया, उसका नाम अभी तक सामने नहीं आया है.  हालांकि विधायक का कहना है  कि थानेदार से उनकी 11 मिनट तक बात हुई है. 

 थानेदार ने धमकी की  बात की, तब उन्होंने भी कड़े शब्दों का प्रयोग किया।  विधायक का सवाल है कि क्या अगर किसी व्यक्ति को 11 मिनट तक गाली-गलौज किया जाता रहेगा, तो या तो वह मोबाइल काट देगा या फिर कड़ी प्रतिक्रिया देगा।  लेकिन वायरल ऑडियो  में ऐसा कुछ सुनाई नहीं दे रहा है.  वायरल ऑडियो अपने आप में कई सवालों को जन्म दे रहा है? जयराम महतो ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर यह  भी स्पष्ट कर दिया है कि उनकी लड़ाई सभी पुलिस वालों से नहीं हैं.  जो ईमानदार और कर्तव्य निष्ठ हैं , उनका वह आदर करते हैं, सम्मान करते हैं.  लेकिन जो भ्रष्ट हैं , उनके खिलाफ उनकी मोर्चाबंदी जारी रहेगी।  

उन्होंने कुछ पुलिस अधिकारियों के कृत्य का  भी इशारों -इशारों में संकेत किया है.  अब झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने 8 सितंबर से आंदोलन की चेतावनी दे दी है.  इस आंदोलन के चेतावनी में 6 दिनों  का सामूहिक  अवकाश भी शामिल है.  झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने जो आंदोलन की रूपरेखा तय की है, उसके अनुसार 8 से 11 सितंबर तक सभी पुलिसकर्मी वर्दी पर काला बिल्ला लगाकर चार दिनों तक अपने कर्तव्य का पालन करेंगें।  19 सितंबर को 1 दिन का सामूहिक  उपवास राज्य भर के सभी पुलिस केन्द्रो  ,थाने ,ओपी  में करेंगे।  मेस  का चूल्हा पूरी तरह से बंद रहेगा।  24 सितंबर को एक दिन का धरना देंगें।  जिला शाखा, एसपी /कमांडेंट कार्यालय के सामने धरना देगा  और महासंघ के पदाधिकारी डीजीपी कार्यालय के सामने धरना देंगें। 

 5 से 10 अक्टूबर तक पुलिसकर्मी 6 दिनों के सामूहिक अवकाश पर रहेंगें।  झारखंड पुलिस एसोसिएशन  का आरोप है कि डुमरी विधायक जयराम महतो और उनके समर्थकों ने बरवाअड्डा  थाना के प्रभारी रवि कुमार के साथ गैर  मर्यादित व्यवहार किया।  गाली- गलौज और धक्का मुक्की  करते हुए हाजत से अभियुक्त को छुड़ाने का प्रयास किया।  इस मामले में प्राथमिकी  दर्ज होने पर भी अब तक उचित कार्रवाई नहीं हुई हैं.  इसके उलट सोशल मीडिया के जरिए पुलिस संगठन को धमकाया जा रहा है. 

 इधर, मंगलवार को विधायक जयराम महतो के अग्रिम जमानत पर सुनवाई हुई, लेकिन उन्हें ना तो अग्रिम जमानत मिली और नहीं गिरफ्तारी पर रोक का आदेश मिला।  अगली  सुनवाई अब 10 सितंबर को होगी।  इधर, डुमरी विधायक अपनी बातों पर अड़े हुए है.  उनका कहना है की फांसी पर लटक जाएंगे, लेकिन माफी नहीं मांगेंगे, उनकी लड़ाई एक थानेदार से थी और आगे भी भ्रष्ट पुलिस अधिकारियों से लड़ाई जारी रहेगी।  उन्होंने बरवा  अड्डा  थाना प्रभारी पर निजी चालक के जरिए अवैध उगाही किए जाने का आरोप लगाया है.  उन्होंने स्पष्ट कहा है कि उनकी लड़ाई किसी पुलिसकर्मी अथवा  पदाधिकारी से नहीं बल्कि पुलिसिया सिस्टम से है.  एक ऐसे सिस्टम से, जहां आम जनता के साथ-साथ निचले स्तर के पुलिसकर्मियों का भी शोषण होता है