Jharkhand

सीएम आवास के पास महिला की चेन छीनकर भाग रहे थे बदमाश, तभी लोगों ने धर दबोचा और फिर....

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): राजधानी रांची में दिनदहाड़े एक महिला से चेन छीनने की कोशिश कर रहे बदमाश की किस्मत ने उसका साथ नहीं दिया. वारदात को अंजाम देकर फरार होने की कोशिश कर रहे दो अपराधियों में से एक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया. यह घटना गोंदा थाना क्षेत्र स्थित पंडित दीनदयाल कॉलोनी (आईएएस क्लब) के पास मुंडा होटल के सामने मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार दो युवक महिला के पास पहुंचे और उसके गले से सोने की चेन झपटने का प्रयास किया. वारदात के बाद दोनों आरोपी तेजी से भागने लगे, लेकिन कुछ ही दूरी पर उनकी बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े.

हादसे के बाद एक आरोपी किसी तरह बाइक लेकर मौके से फरार होने में सफल रहा, जबकि दूसरा भाग नहीं सका. आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और मौके पर ही उसकी पिटाई कर दी. बाद में सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया. पीड़ित महिला ने बताया कि अपराधियों ने अचानक हमला कर उसकी चेन छीनने की कोशिश की थी. हालांकि उनकी भागने की कोशिश दुर्घटना के कारण विफल हो गई और एक आरोपी लोगों के हत्थे चढ़ गया. घटना के बाद कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. सड़क पर लोगों की भीड़ जमा होने से यातायात भी प्रभावित हुआ.

सूचना मिलने के बाद गोंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी. पुलिस का मानना है कि आरोपी से पूछताछ के दौरान राजधानी में हाल के दिनों में हुई अन्य छिनतई और लूट की घटनाओं से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं. बताते चले कि रांची में पिछले कुछ महीनों के दौरान चेन स्नैचिंग, मोबाइल और पर्स छिनतई की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है. शहर के कई थाना क्षेत्रों से ऐसे मामलों की शिकायतें सामने आ रही हैं. ऐसे में पुलिस अब पकड़े गए आरोपी के नेटवर्क और उसके फरार साथी की तलाश में जुट गई है.