☰
Jharkhand

झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस पर अध्यक्ष का संदेश, बोले- मजबूत लोकतंत्र में पक्ष और विपक्ष दोनों की भूमिका बराबर

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर विधानसभा के कॉन्फ्रेंस हॉल में भव्य समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर समेत अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और राज्यवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं.

समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने कहा कि 15 नवंबर 2000 को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर झारखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया. अलग राज्य के गठन के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ा. पूर्वजों की शहादत और बलिदान ने उलगुलान की नींव रखी, वहीं दिशोम गुरु शिबू सोरेन के त्याग और संघर्ष ने राज्य आंदोलन को मजबूती दी.

उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य के गठन का उद्देश्य केवल अलग राज्य प्राप्त करना नहीं था, बल्कि आदिवासी-मूलवासी समाज का कल्याण करना और झारखंड को एक अलग पहचान दिलाना भी था. राज्य के विकास और लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करना आज भी हमारी जिम्मेदारी है.

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सदन के सदस्यों के विचार अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन जब वे विधानसभा में आते हैं, तो उनके सामने झारखंड के विकास और कल्याण का लक्ष्य होना चाहिए. मजबूत लोकतंत्र के लिए पक्ष और विपक्ष दोनों की भूमिका बराबर महत्वपूर्ण है. दोनों मिलकर राज्य को बेहतर दिशा दे सकते हैं.

उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में विधानसभा की कई बैठकें हुईं और कुल 24 दिनों तक सदन की कार्यवाही चली. उन्होंने कहा कि छोटे आकार के बावजूद झारखंड विधानसभा की कार्यवाही बेहतर रही और यह प्रदर्शन देश की अन्य विधानसभाओं के मुकाबले उल्लेखनीय है.

अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2025 में सदन में शिक्षा के मुद्दे पर विशेष ध्यान दिया गया. शिक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए और इस क्षेत्र में सार्थक चर्चा हुई. उन्होंने उम्मीद जताई कि विधानसभा आगे भी जनहित के मुद्दों पर चर्चा कर राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेगी.

रिपोर्ट: समीर हुसैन