Jharkhand

रांची होमगार्ड भर्ती का मेरिट लिस्ट जारी, 15 दिन में दर्ज कर सकते हैं आपत्ति, फर्जी दस्तावेज मिले तो कटेगा नाम

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): रांची जिले में लंबे समय से प्रतीक्षित होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है. झारखंड हाई कोर्ट के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने होमगार्ड नियुक्ति परीक्षा का मेरिट लिस्ट जारी कर दिया है. इसके साथ ही सफल अभ्यर्थियों की सूची प्रखंडवार सार्वजनिक कर दी गई है. प्रशासन ने उम्मीदवारों को मेरिट सूची पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 15 दिनों का समय भी दिया है.

जारी मेरिट लिस्ट में ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है. रिक्त पदों के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों के लिए चयन सूची तैयार की गई है. जिला प्रशासन ने सभी प्रखंडों के लिए महिला और पुरुष अभ्यर्थियों के अलग-अलग कटऑफ अंक भी निर्धारित किए हैं. शहरी क्षेत्र में गैर-तकनीकी पुरुष वर्ग के लिए कटऑफ 27 अंक जबकि गैर-तकनीकी महिला वर्ग के लिए 34 अंक तय किया गया है.

डीसी सह गृह रक्षक नामांकन समिति के अध्यक्ष मंजूनाथ भजंत्री ने कहा है कि यदि किसी अभ्यर्थी को मेरिट सूची को लेकर कोई आपत्ति है, तो वह 15 दिनों के भीतर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है. इसके लिए अभ्यर्थी को स्वयं उपस्थित होकर पहचान पत्र और हस्ताक्षरित पावती के साथ आपत्ति पंजी में अपना पक्ष दर्ज कराना होगा. आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया भी निर्धारित समय के भीतर पूरी की जाएगी.

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मेरिट सूची में शामिल किसी भी अभ्यर्थी के दस्तावेज या प्रमाण पत्र जांच के दौरान फर्जी पाए जाने पर उसकी उम्मीदवारी तत्काल रद्द कर दी जाएगी. ऐसे मामलों में संबंधित अभ्यर्थी के स्थान पर मेरिट सूची में उसके बाद आने वाले उम्मीदवार को मौका दिया जाएगा. अधिकारियों के अनुसार, आपत्तियों के निष्पादन के बाद चयनित अभ्यर्थियों के चरित्र सत्यापन और दस्तावेजों की जांच की जाएगी. इसके लिए अलग से सूचना जारी की जाएगी. गौरतलब है कि झारखंड हाई कोर्ट ने हाल ही में होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने और परीक्षा परिणाम प्रकाशित करने का निर्देश दिया था, जिसके बाद मेरिट सूची जारी की गई है.