रांची (RANCHI): झारखंड में चिकित्सकों की लंबित मांगों और स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर आज यानी कि शुक्रवार, 16 अक्टूबर को महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है. IMA झारखंड संयुक्त चिकित्सा आंदोलन के प्रतिनिधिमंडल की शाम 4 बजे झारखंड सरकार के अपर मुख्य सचिव (ACS) के साथ बैठक निर्धारित है. यह बैठक रांची स्थित नेपाल हाउस के विकास आयुक्त कार्यालय में होगी.
बैठक में चिकित्सक संगठनों की साझा मांगों और राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी. IMA झारखंड संयुक्त चिकित्सा आंदोलन को उम्मीद है कि इस बैठक से चिकित्सकों की लंबित मांगों के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल होगी और ठोस कार्रवाई का रास्ता खुलेगा.
ऐसे में चिकित्सा संगठनों का कहना है कि चिकित्सकों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना जरूरी है. इसके साथ ही राज्य की जनता को बेहतर, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करना भी प्राथमिकता है.
IMA झारखंड संयुक्त चिकित्सा आंदोलन साझा एजेंडे के तहत चिकित्सकों की मांगों को सरकार के समक्ष रखेगा. संगठन को उम्मीद है कि सरकार के साथ संवाद से समस्याओं के समाधान की दिशा में सार्थक पहल होगी. बैठक के नतीजों पर चिकित्सक संगठनों की नजर रहेगी.
