Jharkhand

मानसून आया लेकिन राहत नहीं: झारखंड में गर्मी बरकरार, 17 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor
मानसून आया लेकिन राहत नहीं: झारखंड में गर्मी बरकरार, 17 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): झारखंड में मानसून के आगमन के बाद भी लोगों को गर्मी परेशान कर रही है. मानसून अब तक सक्रिय नहीं हुआ है, इसके कारण लोग गर्मी से परेशान है. लेकिन मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों तक अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना जताई है. हालांकि इस दौरान उमस जरूर परेशान करेगी. आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और राज्य में कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना भी मौसम विभाग ने जताई है. ऐसे में चलिए जान लेते है आज यानी शुक्रवार राज्य में मौसम का हाल कैसा रहने वाला है.

17 जिलों में आंधी - बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के 17 जिलों में आंधी - बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. गोड्डा, सिमडेगा, दुमका, पाकुड़, देवघर,जामताड़ा, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, रांची, खूंटी, सरायकेला, पश्चिम सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम जिले में शुक्रवार को 50 से 60 किमी की रफ्तार से आंधी चल सकती है. शेष 7 जिलों में आंधी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. यह अलर्ट 24 जून तक जारी किया गया है.

पढ़े अपने जिले का हाल
रांची का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. धनबाद का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री रहने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है. डाल्टनगंज का अधिकतम 37 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री रहने की उम्मीद है. वहीं, देवघर में अधिकतम 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस जा सकता है. सरायकेला का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस जा सकता है. यहां न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहने की उम्मीद है. चाइबासा का अधिकतम तापमान 35 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है. जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस जा सकता है.

राज्य में अब तक सामान्य से 59 प्रतिशत कम बारिश
पिछले साल जहां मानसून में पूरे राज्य में रिकॉर्ड बारिश हुई थी. वहीं इस साल मानसून अब तक रूठा हुआ है. 1 जून से लेकर अब तक राज्य में सामान से 59% कम बारिश रिकार्ड की गई है. राज्य में अब तक 74.9 एमएम बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक सिर्फ 30.8 एमएम बारिश ही हुई है. सबसे बुरा हाल गढ़वा जिले का है. यहां अब तक सामान्य से 100% कम बारिश रिकार्ड की गई है. यानी जून में यहां बारिश ही नहीं हुई. इसके अलावा  पलामू और साहिबगंज जिले में सामान्य से 97 प्रतिशत कम बारिश हुई है .चतरा में 95 प्रतिशत, लोहरदगा में 94 प्रतिशत, सरायकेला-खरसावां में 84 प्रतिशत कम बारिश हुई है. वही, पूर्वी सिंहभूम में सामान्य से 65 प्रतिशत कम बारिश हुई है. पश्चिमी सिंहभूम में भी 62 प्रतिशत कम बारिश हुई है. रांची राज्य का एकमात्र ऐसा जिला है जहां सामान्य से 12 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है.