Jharkhand

रांची में छात्रों की पेपर लीक के खिलाफ मैराथन, 'छात्रों की गूंज' अभियान में हजारों युवाओं की भागीदारी

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
रांची में छात्रों की पेपर लीक के खिलाफ मैराथन, 'छात्रों की गूंज' अभियान में हजारों युवाओं की भागीदारी

रांची (RANCHI): देशभर में लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर रविवार को राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका से "छात्रों की गूंज" अभियान के तहत विशाल मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में हजारों छात्र-छात्राओं, युवाओं और आम नागरिकों ने भाग लेकर निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा की मांग उठाई. पूरे आयोजन के दौरान युवाओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और भ्रष्टाचार के खिलाफ जोरदार नारे लगाए.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए NSUI के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों मेहनती छात्रों के सपने टूट रहे हैं और युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं. अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदयभान चीब ने कहा कि युवाओं को केवल रोजगार ही नहीं बल्कि निष्पक्ष और ईमानदार परीक्षा व्यवस्था भी चाहिए. अभियान के संयोजक कुमार राजा ने कहा कि यह मैराथन केवल एक दौड़ नहीं बल्कि छात्रों के अधिकार, सम्मान और सुरक्षित भविष्य के लिए जनआंदोलन का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि जब तक पेपर लीक पर पूरी तरह रोक नहीं लगती और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक यह अभियान जारी रहेगा.

कार्यक्रम में सांसद सुखदेव भगत, झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, अखिल भारतीय कांग्रेस के सचिव एवं झारखंड के सह प्रभारी भूपेंद्र मराबी, प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा सहित कई जनप्रतिनिधि और कांग्रेस नेताओं ने भाग लिया. भूपेंद्र मराबी ने कहा कि परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर लगातार उठ रहे सवाल देश के भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं और केंद्र सरकार को पेपर लीक रोकने, दोषियों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार सुनिश्चित करना चाहिए. कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने और युवाओं के भविष्य की रक्षा का सामूहिक संकल्प लिया.