Jharkhand

रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर! आद्रा मंडल में 21 जून तक कई ट्रेनें रद्द, कई ट्रेनें रद्द व शॉर्ट टर्मिनेट

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर! आद्रा मंडल में 21 जून तक कई ट्रेनें रद्द, कई ट्रेनें रद्द व शॉर्ट टर्मिनेट

रांची (RANCHI): दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल से यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए एक जरूरी खबर सामने है. रेलवे द्वारा बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आद्रा मंडल से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों के परिचालन में जरूरी बदलाव किया गया है. यह अस्थाई बदलाव 15 जून से लेकर 21 जून तक प्रभावी रहेगा. इस दौरान रेलवे के इंजीनियरिंग, टीआरडी और एस एंड टी (सिग्नल और दूरसंचार) विभागों द्वारा आवश्यक रख-रखाव और अनुरक्षण कार्य किया जाना है. इन तकनीकी कार्यों को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए रेल प्रशासन द्वारा 'रोलिंग ब्लॉक' लिया जा रहा है, जिसके कारण इस रूट पर ट्रेनों का सामान्य परिचालन प्रभावित रहेगा.

इस रोलिंग ब्लॉक के कारण रेलवे ने कई लोकल और मेमू (MEMU) ट्रेनों को पूरी तरह से रद्द करने का निर्णय लिया है.

रद्द की गई ट्रेनों के नाम में ट्रेन संख्या 68061/68062 आद्रा-आसनसोल-आद्रा मेमू 15 और 18 जून को नहीं चलेगी. इसी तरह ट्रेन संख्या 68090/68089 आद्रा-मिदनापुर-आद्रा मेमू का परिचालन 16, 19 और 21 जून को बंद रहेगा. इसके अलावा, 21 जून को विशेष रूप से दो अन्य रूट प्रभावित रहेंगे, जिसमें ट्रेन संख्या 68077/68078 आद्रा-भागा-आद्रा मेमू और ट्रेन संख्या 68079/68080 भोजूडीह-चंद्रपुरा-भोजूडीह मेमू को पूरी तरह रद्द रखने की घोषणा की गई है.

पूर्ण रूप से रद्द होने वाली ट्रेनों के अलावा, कई ट्रेनों को गंतव्य से पहले रोकने यानी आंशिक समापन (शॉर्ट टर्मिनेट) करने का फैसला लिया गया है. इसके तहत चक्रधरपुर-गोमो-चक्रधरपुर मेमू (18116/18115) 16, 19 और 21 जून को केवल महुदा तक ही चलेगी और वहीं से वापस लौट जाएगी. आसनसोल-टाटानगर-आसनसोल मेमू (68055/68056) 17 व 20 जून को और आसनसोल-पुरुलिया-आसनसोल मेमू (63594/63593) 16 से 20 जून तक केवल आद्रा तक ही परिचालित होगी.

इसके साथ ही, खड़गपुर-हटिया एक्सप्रेस (18035/18036) 17 व 20 जून को और टाटानगर-आसनसोल मेमू (68056/68060) 15 जून को आद्रा स्टेशन पर ही आंशिक रूप से समाप्त होगी. रेल मंडल ने यात्रियों से असुविधा से बचने के लिए यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति की जांच करने की अपील की है.