Jharkhand

होमगार्ड भर्ती में बड़ा अपडेट: आज से शुरू हुआ डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशनन, जानिए किन कागजात की पड़ेगी जरूरत

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): जिले में चल रही होमगार्ड बहाली प्रक्रिया अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है. शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा और तकनीकी ट्रेड टेस्ट में सफल अभ्यर्थियों के लिए 23 जून से दस्तावेज सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) की प्रक्रिया शुरू की जा रही है. जिला प्रशासन ने इसके लिए विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है.

उपायुक्त के निर्देश पर गठित विशेष समिति अभ्यर्थियों के मूल प्रमाणपत्रों की जांच करेगी. यह सत्यापन प्रक्रिया 23 जून से 27 जून 2026 तक चलेगी. अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक की जाएगी. इसके लिए समादेष्टा, केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान, झारखंड गृह रक्षा वाहिनी, धुर्वा परिसर को केंद्र बनाया गया है. प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि सभी सफल अभ्यर्थी निर्धारित तिथि और समय पर सत्यापन केंद्र पर उपस्थित हों. साथ ही उन्हें अपने सभी मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे. इनमें शैक्षणिक योग्यता प्रमाणपत्र, पहचान पत्र, आवासीय प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र (जहां लागू हो) समेत अन्य आवश्यक कागजात शामिल हैं.

अधिकारियों के अनुसार, दस्तावेज सत्यापन भर्ती प्रक्रिया का बेहद महत्वपूर्ण चरण है. अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रमाणपत्रों और आवेदन में दी गई जानकारी का मिलान किया जाएगा. किसी भी प्रकार की त्रुटि या गलत जानकारी पाए जाने पर संबंधित अभ्यर्थी की उम्मीदवारी प्रभावित हो सकती है. प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले केंद्र पहुंचें और सभी जरूरी दस्तावेजों को व्यवस्थित रूप से साथ रखें, ताकि सत्यापन प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके. दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण की कार्रवाई शुरू की जाएगी. भर्ती में शामिल अभ्यर्थियों की नजर अब इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया पर टिकी हुई है.