Jharkhand

रांची एयरपोर्ट से उड़ान भरने वालों के लिए बड़ा अपडेट, 1 जुलाई से चार सेक्टरों पर विमान सेवाएं बंद

Varsha Varma CE
Varsha Varma CE
Copy Editor

रांची(RANCHI) : विमान ईंधन (एटीएफ) की बढ़ती दामों का असर अब रांची से चलने वाली हवाई सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है. यात्रियों के लिए बड़ी खबर यह है कि 1 जुलाई से रांची एयरपोर्ट से चार सेक्टरों पर विमान सेवाएं बंद कर दी जाएंगी. एयरलाइंस कंपनियों ने परिचालन लागत बढ़ने का हवाला देते हुए यह निर्णय लिया है.

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रांची से दिल्ली और रांची से हैदराबाद के बीच संचालित अपनी उड़ानों को बंद करने का फैसला किया है. इसके अलावा इंडिगो एयरलाइंस ने भी रांची-कोलकाता और रांची-हैदराबाद सेक्टर की सेवाओं को स्थायी रूप से रोकने की घोषणा की है. इन निर्णयों के बाद रांची से यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

रांची से दिल्ली, कोलकाता और हैदराबाद के लिए बड़ी संख्या में यात्री नियमित रूप से यात्रा करते हैं. इनमें व्यवसायी, छात्र, नौकरीपेशा लोग और इलाज के लिए आने-जाने वाले यात्री शामिल हैं. उड़ानों के बंद होने से यात्रियों के पास विकल्प कम हो जाएंगे और अन्य एयरलाइंस की टिकटों की मांग बढ़ने की संभावना है. इसका असर किराए पर भी पड़ सकता है. विमान ईंधन की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण एयरलाइंस कंपनियों की परिचालन लागत में  भारी वृद्धि हुई है. ऐसे में कम लाभ वाले रूट्स पर सेवाएं जारी रखना कंपनियों के लिए चुनौतीपूर्ण हो गया है.

हालांकि, रांची एयरपोर्ट से अन्य एयरलाइंस की कुछ उड़ानें पहले की तरह संचालित होती रहेंगी, लेकिन जिन यात्रियों ने इन सेक्टरों में नियमित यात्रा की योजना बनाई है, उन्हें अब दूसर् उड़ानों का सहारा लेना पड़ सकता है. एयरलाइंस कंपनियों की इस घोषणा के बाद यात्रियों के बीच चिंता बढ़ गई है.