Jharkhand

रांची पुलिस में बड़ा फेरबदल, 459 हवलदार और आरक्षियों का हुआ तबादला, SSP राकेश रंजन ने जारी किया आदेश

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): राजधानी रांची के पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर तबादला किया गया है. लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थापित 459 पुलिसकर्मियों को उनके मौजूदा पदस्थापन से हटाकर अलग-अलग थाना, पिकेट, टीओपी और ओपी में भेजा गया है. इस संबंध में एसएसपी राकेश रंजन ने आदेश जारी कर दिया है. जारी आदेश के मुताबिक, तबादला किए गए पुलिसकर्मियों में पुरुष आरक्षी, महिला आरक्षी और हवलदार शामिल हैं. इनमें 261 पुरुष आरक्षी, 68 महिला आरक्षी और 126 हवलदार हैं. यानी जिला बल के कुल 459 पुलिसकर्मियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है.

कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए हुआ फेरबदल
पुलिस विभाग के इस बड़े फेरबदल का उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना तथा पुलिसिंग व्यवस्था में प्रशासनिक दक्षता बढ़ाना बताया गया है. लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण से अलग-अलग क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती को संतुलित करने की कोशिश की गई है. नई पदस्थापना के तहत पुलिसकर्मियों को अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अलावा पिकेट, टीओपी और ओपी में जिम्मेदारी दी गई है. इससे संबंधित इलाकों में पुलिस बल की उपलब्धता और कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है.

बिना देरी नए स्थान पर योगदान का निर्देश
आदेश में सभी स्थानांतरित पुलिसकर्मियों को बिना किसी देरी के अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है. तबादला प्रक्रिया के त्वरित अनुपालन की जिम्मेदारी परिचारी प्रवर-प्रथम, पुलिस केंद्र, रांची को सौंपी गई है. पुलिस विभाग के इस व्यापक फेरबदल के बाद अब नई तैनाती वाले क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारियां बदल जाएंगी. अधिकारियों को उम्मीद है कि इस बदलाव से जिला बल की कार्यक्षमता बढ़ेगी और कानून-व्यवस्था से जुड़े कामकाज को और प्रभावी तरीके से संचालित किया जा सकेगा.