Jharkhand

झारखंड पुलिस में बड़ा फेरबदल तय, 2 साल में रिटायर होंगे 8 वरिष्ठ IPS, 6 नए अधिकारियों को मिलेंगी जिम्मेंदारी

Varsha Varma CE
Copy Editor
झारखंड पुलिस में बड़ा फेरबदल तय, 2 साल में रिटायर होंगे 8 वरिष्ठ IPS, 6 नए अधिकारियों को मिलेंगी जिम्मेंदारी

रांची (RANCHI): झारखंड पुलिस प्रशासन में आने वाले सालों में बड़े स्तर पर बदलाव देखने को मिल सकते हैं. राज्य की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अगले दो वर्षों के भीतर सेवानिवृत्त होने वाले हैं. ऐसे में पुलिस महकमे में नेतृत्व और जिम्मेदारियों के पुनर्गठन की संभावना बढ़ गई है.

डीजी, एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसपी स्तर के कुल आठ आईपीएस अधिकारी साल 2026 से 2028 के बीच रिटायर होंगे. इनमें डीजी रैंक के वरिष्ठ अधिकारी अनिल पालटा दिसंबर 2026 में सेवा से विदा लेंगे, जबकि प्रशांत सिंह मई 2028 में सेवानिवृत्त होंगे. एडीजी रैंक के अधिकारी संजय ए. लाठकर सितंबर 2028 में रिटायर होंगे. इसके अलावा आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा जनवरी 2027, डीआईजी संध्या रानी मेहता अगस्त 2026 और डीआईजी धनंजय कुमार सिंह नवंबर 2028 में सेवा से मुक्त होंगे. वहीं एसपी स्तर की अधिकारी सरोजनी लकड़ा सितंबर 2027 और एमेल्डा लकड़ा अक्टूबर 2027 में सेवानिवृत्त होंगी.

इन वरिष्ठ अधिकारियों के रिटायरमेंट के साथ ही झारखंड पुलिस को नई ऊर्जा भी मिलने वाली है. केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2024 के आधार पर चयनित भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों के कैडर आवंटन की अधिसूचना जारी कर दी है. इस अधिसूचना के तहत झारखंड को छह नए आईपीएस अधिकारी आवंटित किए गए हैं.

गृह मंत्रालय की ओर से जारी सूची में सफल अभ्यर्थियों को उनकी रैंक, श्रेणी के आधार पर राज्यों का आवंटन किया गया है. झारखंड को मिले नए अधिकारियों से राज्य की पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, आधुनिक और मजबूत बनाने की उम्मीद जताई जा रही है. वर्तमान में झारखंड कैडर में 146 आईपीएस अधिकारी कार्यरत हैं. वरिष्ठ अधिकारियों के अनुभव और नए अधिकारियों के उत्साह के बीच पुलिस विभाग में जिम्मेदारियों का नया संतुलन देखने को मिल सकता है. माना जा रहा है कि आने वाले समय में पुलिस प्रशासन में कई महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियां और फेरबदल देखने को मिलेंगे, जिससे राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी.