रांची:अब 15 लाख रुपये तक के इलाज का खर्च उठाएगी झारखंड सरकार. नई व्यवस्था के तहत आयुष्मान भारत योजना में पहले की तरह 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा. इसके बाद यदि इलाज का खर्च 5 लाख रुपये से बढ़कर 15 लाख रुपये तक पहुंचता है, तो अतिरिक्त राशि का वहन राज्य सरकार करेगी. इस फैसले से कैंसर, हृदय रोग, किडनी ट्रांसप्लांट और अन्य गंभीर बीमारियों के महंगे इलाज कराने वाले मरीजों को बड़ी आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है.
राज्य में सामाजिक-आर्थिक एवं जातीय जनगणना (SECC-2011) के आधार पर 28,05,753 ग्रामीण और शहरी परिवार इस योजना का लाभ उठा रहे हैं. यह केंद्र और राज्य सरकार की साझी स्वास्थ्य बीमा योजना है, जिसमें प्रीमियम का 60 प्रतिशत हिस्सा केंद्र सरकार और 40 प्रतिशत हिस्सा राज्य सरकार वहन करती है.
सरकार ने इस योजना के संचालन के लिए स्वीकृत 110 करोड़ रुपये में से 68.20 करोड़ रुपये सामान्य शहरी स्वास्थ्य सेवाओं (एलोपैथी) के लिए, 28.60 करोड़ रुपये जनजातीय क्षेत्र उपयोजना तथा 13.20 करोड़ रुपये अनुसूचित जाति विशेष घटक योजना के लिए निर्धारित किए हैं.
योजना का संचालन झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी, रांची के माध्यम से किया जाएगा. साथ ही, वर्तमान बीमा कंपनी की सेवाओं की अवधि 10 फरवरी 2027 तक बढ़ा दी गई है. सरकार पूरी राशि सोसाइटी के नामकुम स्थित खाते में एकमुश्त उपलब्ध कराएगी, ताकि लाभार्थियों को इलाज के दौरान किसी प्रकार की वित्तीय या प्रशासनिक परेशानी का सामना न करना पड़े.
सरकार का मानना है कि स्वास्थ्य बीमा की सीमा 15 लाख रुपये किए जाने से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे गरीब परिवारों पर इलाज का आर्थिक बोझ कम होगा. इससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी.
