Jharkhand

रांची में पुलिस का बड़ा अभियान, 50 से ज्यादा जगहों पर एक साथ चेकिंग! 100 से अधिक लोग हिरासत में

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

रांची (RANCHI): राजधानी में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और लोगों को सुरक्षित माहौल देने के लिए रांची पुलिस ने शनिवार शाम से देर रात तक विशेष जांच अभियान चलाया. एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर शहर के 50 से अधिक संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर एक साथ पुलिस की टीमें तैनात की गईं. अचानक शुरू हुए इस अभियान से खुले में शराब पीने और नशा करने वालों के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मच गया.

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने खुद मौके पर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया. एसपी स्तर के अधिकारियों ने पूरी कार्रवाई की निगरानी की, जबकि डीएसपी और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ अलग-अलग इलाकों में जांच करते नजर आए. संदिग्ध लोगों की तलाशी लेने के साथ वाहनों की भी सघन जांच की गई. सार्वजनिक स्थानों पर बेवजह भीड़ लगाने और हुड़दंग करने वालों को वहां से हटाया गया.

पुलिस ने शहर के प्रमुख बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों के अलावा मोरहाबादी मैदान, ओटीसी ग्राउंड और डीआईजी ग्राउंड जैसे सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष निगरानी रखी. धुर्वा स्थित स्मार्ट सिटी क्षेत्र, रिंग रोड के आसपास के सुनसान रास्तों, खाली प्लॉट और कम रोशनी वाले स्थानों में भी पुलिस टीमों ने जांच की.

इसके अलावा शराब दुकानों के आसपास, ढाबों, गुमटियों और चाय-नाश्ते की दुकानों के पास भी विशेष चेकिंग की गई. पुलिस का फोकस खुले में शराब पीने और नशे के बाद उपद्रव करने वाले लोगों पर रहा.

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 100 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया. इनमें सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, संदिग्ध तरीके से घूमने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोग शामिल बताए गए हैं. पुलिस ने सभी की पहचान और व्यक्तिगत विवरण दर्ज किए. बाद में उन्हें दोबारा ऐसी गतिविधियों में शामिल नहीं होने की चेतावनी देकर छोड़ा गया.

रांची पुलिस ने कहा कि अभियान का उद्देश्य महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या उपद्रव की सूचना तत्काल डायल 112 या नजदीकी थाना को दें.