Jharkhand

झारखंड शराब घोटाले में ED का बड़ा एक्शन,रोहित उरांव से आज तो पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव से कल होगी पूछताछ

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
झारखंड शराब घोटाले में ED का बड़ा एक्शन,रोहित उरांव से आज तो पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव से कल होगी पूछताछ

रांची (RANCHI): झारखंड के चर्चित शराब नीति मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जांच को और तेज कर दिया है. एजेंसी ने कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव और उनके बेटे रोहित उरांव को पूछताछ के लिए समन जारी किया है. रोहित उरांव को 29 जून सुबह 11 बजे और रामेश्वर उरांव को 30 जून को रांची स्थित ED के क्षेत्रीय कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है.

बताते चलें कि रामेश्वर उरांव से शराब कारोबारी योगेंद्र तिवारी से जुड़े मामले में पूछताछ की जाएगी. इससे पहले ED ने इसी जांच के दौरान रामेश्वर उरांव, उनके बेटे रोहित उरांव और अन्य लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की थी. उसी कार्रवाई के बाद से पिता-पुत्र का नाम इस मामले से जुड़ता रहा है.

जांच के दौरान ED को ऐसे दस्तावेज मिले थे, जिनमें रोहित उरांव द्वारा शराब कारोबार के लिए एकरारनामा किए जाने का उल्लेख था. हालांकि, जांच एजेंसी के अनुसार इसके बावजूद उन्होंने शराब के व्यवसाय में सक्रिय रूप से प्रवेश नहीं किया.

पूछताछ के दौरान ED यह जानने का प्रयास करेगी कि रामेश्वर उरांव का शराब कारोबार से जुड़े व्यक्तियों या कंपनियों के साथ किसी प्रकार का वित्तीय या व्यावसायिक संबंध था या नहीं. साथ ही वर्ष 2022 की आबकारी नीति तैयार करने और उससे जुड़े प्रशासनिक फैसलों को लेकर भी सवाल पूछे जा सकते हैं. वहीं, रोहित उरांव से उनके बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन और कथित कारोबारी साझेदारी से जुड़े दस्तावेजों के संबंध में जानकारी ली जा सकती है.

इस मामले की शुरुआत आबकारी नीति में कथित अनियमितताओं को लेकर दर्ज प्राथमिकी से हुई थी. बाद में ED ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. इस केस में अब तक कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. हालांकि, निर्धारित समय सीमा के भीतर आरोपपत्र दाखिल नहीं होने के कारण गिरफ्तार सभी आरोपियों को अदालत से डिफॉल्ट जमानत मिल गई थी. फिलहाल ED दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और वित्तीय लेनदेन की कड़ियों को जोड़कर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है.