Jharkhand

मतदाताओं के लिए बड़ा अलर्ट! BLO को घर से लौटाया तो बढ़ सकती मुश्किल, जानिए प्रशासन ने क्या की खास अपील

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
मतदाताओं के लिए बड़ा अलर्ट! BLO को घर से लौटाया तो बढ़ सकती मुश्किल, जानिए प्रशासन ने क्या की खास अपील

रांची (RANCHI): आगामी चुनावों को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अहम अपील की है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा है कि यदि बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) आपके घर Enumeration Form भरवाने आएं तो उन्हें किसी भी परिस्थिति में वापस न भेजें. मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए यह प्रक्रिया बेहद महत्वपूर्ण है.

रांची जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची को अपडेट करने का कार्य तेजी से चल रहा है. इसके अंतर्गत बीएलओ घर-घर जाकर Enumeration Form का वितरण, संग्रह और डिजिटाइजेशन कर रहे हैं. प्रशासन का उद्देश्य है कि जिले के सभी पात्र मतदाताओं का विवरण सही और पूरी तरह अपडेट रहे.

उपायुक्त ने कहा कि फॉर्म भरते समय मतदाता अपना नाम, पिता या पति का नाम, आयु, पता, मोबाइल नंबर सहित सभी आवश्यक जानकारियां सही और पूरी दें. फॉर्म जमा करने से पहले उसमें दर्ज विवरण की एक बार जांच भी कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि फॉर्म में गलत, अधूरी या भ्रामक जानकारी दी जाती है तो भविष्य में मतदान के दौरान समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है. इसलिए सभी मतदाताओं से अपील की गई है कि वे बीएलओ के साथ पूरा सहयोग करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं.

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न रहे और मतदाता सूची पूरी तरह स्वच्छ, सटीक और विश्वसनीय बने. इसके लिए उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और मीडिया से भी जागरूकता अभियान में सहयोग करने की अपील की है. साथ ही, जन शिकायतों के लिए रांची जिला प्रशासन का आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9430328080 (अबुआ साथी) भी जारी है, जहां नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं.