Jharkhand

JPSC विवाद में बड़ा एक्शन: पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते के घर CID की दबिश, अहम दस्तावेजों की हो रही जांच

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
JPSC विवाद में बड़ा एक्शन: पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते के घर CID की दबिश, अहम दस्तावेजों की हो रही जांच

रांची (RANCHI): झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा को लेकर सामने आए कथित अनियमितता मामले में जांच अब और तेज हो गई है. गुरुवार को अपराध अनुसंधान विभाग (CID) की टीम ने JPSC के पूर्व अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव एल. ख्यांग्ते के कांके रोड स्थित आवास पर छापेमारी की. इस कार्रवाई के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है और जांच का दायरा लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है.

जानकारी के अनुसार, CID की टीम पुलिस बल के साथ सुबह उनके आवास पर पहुंची और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेजों व अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की जांच शुरू की. अधिकारियों ने कई फाइलों, दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की पड़ताल की. हालांकि, छापेमारी के दौरान क्या-क्या सामग्री जब्त की गई है या कौन से दस्तावेज जांच एजेंसी के कब्जे में आए हैं, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है.

दरअसल, JPSC की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम को लेकर अभ्यर्थियों ने गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए थे. OMR शीट, मेरिट लिस्ट और परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद मामला लगातार सुर्खियों में बना रहा. इसी क्रम में CID ने बुधवार को प्राथमिकी दर्ज कर औपचारिक जांच शुरू की. इस मामले में कांड संख्या 16/2026 दर्ज की गई है.

जांच एजेंसी अब परीक्षा संचालन से जुड़े प्रत्येक पहलू की गहन पड़ताल कर रही है. अब तक इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. साथ ही परीक्षा आयोजन, मूल्यांकन प्रक्रिया और प्रशासनिक निर्णयों से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों तथा अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

गौरतलब है कि इससे पहले CID और रांची पुलिस की संयुक्त टीम JPSC कार्यालय में भी छापेमारी कर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य अपने कब्जे में ले चुकी है. अब पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते के आवास पर हुई कार्रवाई को जांच की एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है. फिलहाल पूरे मामले पर सभी की नजर CID की अगली कार्रवाई पर टिकी है. जांच में सामने आने वाले दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर आने वाले दिनों में इस प्रकरण में और भी अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.