रांची(RANCHI): JSSC CGL परीक्षा रद्द होने के बाद सीआईडी की जांच तेज हो गई. इस परीक्षा में कथित गड़बड़ी मामले में अब दो और गिरफ़्तारी की गई. दोनों आरोपी JSSC CGL के किंगपिन अभय तिवारी के भाई और पत्नी है. अभय तिवारी के इशारे पर दोनों को परीक्षा में पास कराया गया था. जिसमें अभय तिवारी से पूछताछ के बाद सीआईडी ने मंगलवार को गिरीडीह में छापेमारी की. जिसके बाद दोनों से पूछताछ की गई. करीब 8 घंटे से ज्यादा पूछताछ के बाद सीआईडी ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.
सीआईडी की ओर से बताया गया कि सीआईडी कांड संख्या 01/25 दिनांक 01-01-2025 में अक्षय कुमार तिवारी और सुषमा कुमारी को गिरफ्तार किया गया है. अब आगे की कार्रवाई की जा रही है. दोनों की गिरफ़्तारी गिरीडीह से की गई है.
अक्षय और सुषमा दोनों JSSC CGL की परीक्षा में सफल होने के बाद नौकरी में थे. सीआईडी को शुरुआती जांच में जानकारी मिली की दोनों को परीक्षा पास कराने में अभय तिवारी ने सहयोग किया है. एजेंसी में प्रभावी पद का फायदा उसने अपने परिवार के सदस्य को पहुंचाया है. जिस वजह से दोनों परीक्षा में सफल होकर नौकरी कर रहे थे. लेकिन अब जांच के दौरान एक एक कर परत खुल रही है.
अब सीआईडी दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की कड़ी आगे बढ़ाने की कोशिश करेगी. इससे इस जांच को आगे बढ़ाया जा सके. सीआईडी को शक है कि दोनों से पूछताछ में कई जानकारी निकल कर सामने आ सकती है. जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल अब दोनों को कोर्ट में पेश कर सीआईडी आगे की कानूनी प्रक्रिया को पूरा करने में लगी है.
कौन है अभय तिवारी
अभय तिवारी देवघर का रहने वाला है. इसने सेटिंग के दम पर JSSC CGL की परीक्षा को पास किया और गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट ब्लॉक में BSO के पद पर पदस्थापित था. साथ ही परीक्षा करा रही कंपनी TDPL में मार्केटिंग मैनेजर की भी जिम्मेवारी निभा रहा था. TDPL के कंपनी के जरिए ही इसने परीक्षा में गड़बड़ी कर कई लोगों को पास कराया. जिसकी कलई अब पूछताछ में खुल रही है.
