☰
Jharkhand

मईया सम्मान: दीपावली से पहले रांची की 3.94 लाख महिलाओं को बड़ा तोहफा, खातों में पहुंचे ₹98.50 करोड़, हर लाभुक को मिले ₹2,500

Ranchi Bureau
Ranchi Bureau
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

 रांची:  दीपावली से पहले रांची जिले की लाखों महिलाओं के लिए राहत और खुशियों की खबर है. जिले की 3.94 लाख महिला लाभुकों के बैंक खातों में कुल 98.50 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की गई है. इस राशि के तहत प्रत्येक लाभुक महिला को 2,500 रुपये मिले हैं. त्योहार से ठीक पहले खाते में पैसे पहुंचने से महिलाओं में खुशी का माहौल है.

इस आर्थिक सहायता से महिलाओं को दीपावली की तैयारियों में मदद मिलेगी. लाभुक महिलाएं इस राशि का इस्तेमाल घरेलू जरूरतों, त्योहार की खरीदारी और परिवार से जुड़ी अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने में कर सकेंगी.

इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है. राशि सीधे बैंक खातों में भेजे जाने से भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता भी सुनिश्चित की गई है.

कांके में सबसे अधिक महिलाओं को लाभ

प्रखंडवार आंकड़ों के अनुसार, कांके में सबसे अधिक 31,502 महिलाओं को योजना का लाभ मिला है. वहीं टाउन अर्बन क्षेत्र में 25,891, मांडर में 22,933 और सिल्ली में 21,282 महिलाओं के खातों में राशि भेजी गई है. इसके अलावा बेड़ो, रातू, चान्हो, तमाड़, नगड़ी और नामकुम समेत जिले के अन्य प्रखंडों की महिलाओं को भी इसका लाभ मिला है.

रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. जिला प्रशासन का प्रयास है कि योजना का लाभ सभी पात्र महिलाओं तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे. इस तरह दीपावली से पहले मिली 2,500 रुपये की सम्मान राशि हजारों परिवारों के लिए त्योहार की तैयारियों में आर्थिक मददगार साबित होगी.