Jharkhand

रांची में बनेगा मदन मोहन मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, भूमि पूजन के साथ निर्माण कार्य की शुरुआत

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI):  झारखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में एक और संस्थान स्थापित करने की दिशा में मदन मोहन मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है. रांची में आयोजित समारोह में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ परियोजना का भूमि पूजन किया गया. इसके साथ ही निर्माण के पहले चरण का औपचारिक शुभारंभ हो गया.

भूमि पूजन समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय और विधायक राजेश कच्छप प्रमुख रूप से मौजूद रहे. कार्यक्रम में रांची के कई नागरिकों के साथ चिकित्सक, शिक्षाविद् और समाजसेवी भी शामिल हुए. अतिथियों ने प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की योजना की सराहना करते हुए प्रबंधन को शुभकामनाएं दीं.

मदन मोहन मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की स्थापना 'सितवांतो देवी महिला कल्याण समिति' की प्रमुख इकाई के रूप में की जा रही है. समूह के चेयरमैन मदन मोहन सिंह के मार्गदर्शन में परियोजना को आधुनिक चिकित्सा मानकों के अनुरूप विकसित करने की योजना है.

समूह की ओर से झारखंड और बिहार में पहले से शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र के कई संस्थानों का संचालन किया जा रहा है. इनमें जमशेदपुर स्थित नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के अलावा पटना में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, इंजीनियरिंग कॉलेज और डिप्लोमा कॉलेज शामिल हैं. सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में भी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल संचालित है. इसके अलावा बिहार और झारखंड में समूह के करीब एक दर्जन स्कूल संचालित किए जा रहे हैं.

प्रबंधन के अनुसार, अस्पताल का निर्माण तेजी से पूरा कर अगले वर्ष तक इसे शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है. अस्पताल के शुरू होने के बाद रांची और आसपास के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है.

वहीं, मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई और दाखिले की प्रक्रिया संबंधित वैधानिक एवं नियामक संस्थाओं से आवश्यक अनुमति मिलने तथा निर्धारित मानकों को पूरा करने के बाद शुरू होगी. संस्थान का उद्देश्य बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ युवाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना है.