Jharkhand

झारखंड में आफत बनी आसमानी बिजली, 24 घंटे में 15 की मौत, 10 अगस्त तक अलर्ट जारी

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

टीएनपी डेस्क (TNP DESK):झारखंड के मौसम में इन दिनों बदलाव देखने को मिल रहा है. एक तरफ जहां 5 दिनों की धूप के बाद अब मौसम ने करवट ली है, तो वहीं अधिकतर जिलों में बादल और हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल रही है. लेकिन वज्रपात खूब कहर बरपा रहा है. पिछले 24 घंटे के दौरान झारखंड में वज्रपात से 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें 4 बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं. वहीं कई लोग झुलस भी चुके हैं. मौसम विभाग की ओर से लगातार लोगों को वज्रपात से सावधान रहने की सलाह दी जा रही है, लेकिन फिर भी वज्रपात से लोगों की मौत नहीं थम रही है. ये सभी मौतें गढ़वा, लातेहार, सिमडेगा, चतरा, गिरिडीह, दुमका और रामगढ़ में हुई हैं. केवल 24 घंटे के अंदर वज्रपात से 15 लोगों की मौत हो गई. ऐसे में सावधानी बरतना कितना जरूरी है.

पढ़ें आज कैसा रहेगा मौसम

वहीं अगर बुधवार के मौसम की बात करें तो आज भी झारखंड के अधिकतर जिलों में बादल छाए रहने की संभावना है. वहीं इस दौरान कुछ जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश भी देखने को मिलेगी.आज कुछ जिलो में भारी बारिश हो सकती है.इस दौरान तेज हवा और वज्रपात की संभावना को देखते हुए लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने पहले ही अनुमान जताया है कि आने वाले 10 अगस्त तक झारखंड के मौसम का हाल ऐसा ही रहेगा, जहां भले ही बारिश कम हो, लेकिन वज्रपात, आंधी और तूफान का असर देखने को मिलेगा.

आज जिन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.उन जिलों में गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज शामिल है.

वज्रपात से रहे सावधान

मौसम विभाग की ओर से वज्रपात और आंधी-तूफान के खतरे को देखते हुए लोगों को खासतौर पर खराब मौसम के समय बाहर नहीं जाने की सलाह दी गई है. अगर आप खेत या खुले मैदान में हैं, तो मौसम खराब होने पर तुरंत वहां से हटकर किसी सुरक्षित स्थान या घर चले जाएं. कभी भी खुले मैदान, पेड़ के नीचे या खेत में रुकने की गलती न करें, क्योंकि इन जगहों पर वज्रपात का सबसे ज्यादा खतरा होता है.

पढ़े अपने जिले का तापमान 

रांची का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 29 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.