Jharkhand

रांची में जमीन कारोबारी की बेरहमी से हत्या, सिर पर धारदार हथियार से वार, जांच में जुटी पुलिस

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड ने इलाके में दहशत फैला दी. देर रात अज्ञात हमलावरों ने एक व्यक्ति की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी. मृतक की पहचान रमेश ठाकुर के रूप में हुई है, जो सदर थाना क्षेत्र के रहने वाले थे. वारदात के बाद बुधवार सुबह जब परिजनों ने घर का दरवाजा खोला तो रमेश का शव खून से लथपथ हालत में मिला. सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय रमेश ठाकुर घर में सो रहे थे. इसी दौरान हमलावरों ने उनके सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटनास्थल से एक धारदार हथियार भी बरामद हुआ है. पुलिस को आशंका है कि हत्या इसी हथियार से की गई है. बताया जा रहा है कि रमेश के दो मकान हैं, जिनमें से एक किराए पर दिया गया है.

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के चार करीबी दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. जानकारी के अनुसार, ये लोग अक्सर रमेश के किराये वाले मकान में रात बिताने आते थे. शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि वारदात में किसी करीबी की भूमिका हो सकती है. हालांकि, अभी तक किसी की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक रमेश ठाकुर पहले जमीन के कारोबार से जुड़े हुए थे. फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, फॉरेंसिक जांच और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है.